सीएम योगी कल आएंगे काशी, राष्ट्रीय पोषण माह के 9वें संस्करण का करेंगे शुभारंभ
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार, 9 सितंबर को वाराणसी के दौरे पर आएंगे। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर रुद्राक्ष में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय पोषण माह के नौवें संस्करण का शुभारंभ करेंगे।
राष्ट्रीय पोषण माह के माध्यम से प्रदेश में बच्चों, गर्भवती महिलाओं और किशोरियों के बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान पोषण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और अभियानों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी चर्चा होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री के काशी आगमन को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम स्थल रुद्राक्ष में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं।
