Movie prime

वाराणसी में बाढ़ का जायजा लेने आज पहुंचेंगे CM योगी, गंगा-वरुणा का करेंगे हवाई सर्वेक्षण

वाराणसी में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार शाम पहुंचेंगे। वह गंगा और वरुणा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हेलीकॉप्टर से हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके बाद राहत शिविर का निरीक्षण कर प्रभावित लोगों से बातचीत और राहत सामग्री वितरण करेंगे। बाद में काशी विश्वनाथ और काल भैरव मंदिर जाएंगे।

 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: शहर में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को वाराणसी पहुंचेंगे। वह हेलीकॉप्टर से गंगा और वरुणा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इस दौरान मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और जिलाधिकारी सत्येंद्र झा समेत जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री राहत और बचाव कार्यों की स्थिति की जानकारी भी लेंगे।

आजमगढ़ से वाराणसी पहुंचेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार शाम करीब चार बजे आजमगढ़ से वाराणसी पहुंचेंगे। यहां पुलिस लाइन से अधिकारियों के साथ वह बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री पहले वरुणा और इसके बाद गंगा के बाढ़ क्षेत्रों का जायजा लेंगे।

हवाई सर्वेक्षण के दौरान अधिकारी उन्हें बाढ़ प्रभावित इलाकों और वहां चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी देंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान वाराणसी के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे सकते हैं।

राहत शिविर पहुंचकर लोगों से करेंगे बातचीत

हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से शिवपुर स्थित विद्या विहार इंटर कॉलेज पहुंचेंगे। शाम पांच बजे के बाद उनके राहत शिविर पहुंचने का कार्यक्रम है।

यहां मुख्यमंत्री बाढ़ राहत शिविर की व्यवस्थाओं और प्रभावित लोगों के लिए किए गए इंतजामों का जायजा लेंगे। वह शिविर में रह रहे लोगों से बातचीत भी करेंगे। इसके साथ ही प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री का वितरण करेंगे। इस दौरान जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासन और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहेंगे।

काल भैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर में करेंगे दर्शन-पूजन

राहत शिविर के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काल भैरव मंदिर और श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह सड़क मार्ग से एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।

दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री विशेष विमान से लखनऊ लौट जाएंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी तैयारियों में जुटे हुए हैं।