काशी तमिल संगमम 4.0: CM योगी पहुंचे वाराणसी, नमो घाट पर होगा भव्य उद्घाटन
CM योगी आदित्यनाथ काशी तमिल संगमम् के चौथे संस्करण में शामिल होने के लिए वाराणसी पहुँच गए। नमो घाट पर होने वाले भव्य उद्घाटन में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और तमिलनाडु के राज्यपाल सहित कई अतिथि मौजूद रहेंगे। तमिलनाडु से 1400 प्रतिनिधि आए हैं। सीएम योगी दर्शन-पूजन भी कर सकते हैं।
वाराणसी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काशी तमिल संगमम् के चौथे संस्करण के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए मंगलवार को वाराणसी पहुंच गए हैं। उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने वाला यह कार्यक्रम इस बार और भी बड़ा और महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ नमो घाट पर होगा, जहां भव्य मंच और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
उद्घाटन समारोह में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि और पुडुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाश नाथ सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहेंगी। “तमिल करकलाम” यानी “तमिल सीखें” थीम पर आधारित इस बार के आयोजन में तमिलनाडु से 1400 से अधिक प्रतिनिधि काशी पहुंच रहे हैं।
काशी और तमिलनाडु के कलाकार पारंपरिक संगीत और नृत्य की संयुक्त प्रस्तुति देंगे, जो भारतीय संस्कृति की विविधता का अद्भुत संगम पेश करेगी। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन भी कर सकते हैं।
