CM योगी ने कालभैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना, चौकाघाट विद्युत सब स्टेशन का किया निरीक्षण
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर पहुंचे। शहर पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास परियोजनाओं की प्रगति और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री चौकाघाट स्थित निर्माणाधीन विद्युत सब स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने चल रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें परियोजना की प्रगति से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के दरबार में विधिवत दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का रुद्राभिषेक एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

निरीक्षण और दर्शन-पूजन के दौरान प्रदेश सरकार के कई मंत्री एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान, स्टाम्प एवं पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, महापौर अशोक तिवारी, विधान परिषद सदस्य राय धर्मेंद्र सिंह, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, सौरभ श्रीवास्तव और त्रिभुवन राम शामिल रहे।

इसके अलावा मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
