CM योगी ने बाबा काल भैरव और काशी विश्वनाथ के दरबार में टेका मत्था, बच्चों को बांटी चॉकलेट
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को वाराणसी दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। मुख्यमंत्री ने बाबा के दरबार में मत्था टेककर प्रदेश के लोक कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले बाबा काल भैरव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आरती में शामिल हुए। इसके बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे, जहां गर्भगृह में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर षोडशोपचार पूजन किया और लोक कल्याण की कामना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री का बच्चों के प्रति स्नेह भी देखने को मिला। बाबा काल भैरव मंदिर में मौजूद बच्चों को उन्होंने प्यार से चॉकलेट दी और उनसे पढ़ाई-लिखाई के बारे में बातचीत की। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी उत्साहित नजर आए और पूरे सहज भाव से उनसे बातचीत करते रहे।

दर्शन-पूजन के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव और विधायक सुनील पटेल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
