वाराणसी में CM योगी ने की विकास परियोजनाओं की समीक्षा, PWD अफसरों को चेताया- सड़क निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
वाराणसी। दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस सभागार में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और अभियंताओं को सड़क निर्माण कार्यों में युद्धस्तर पर तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से बरसात से पहले पूर्ण होने वाली परियोजनाओं को प्राथमिकता देते हुए समय पर पूरा कराने पर जोर दिया।
समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि वाराणसी परिक्षेत्र में वर्तमान समय में 7175 करोड़ रुपये की लागत वाली 2630 परियोजनाएं संचालित हैं। इनमें से 687 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 542 परियोजनाओं का 90 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। वहीं, वाराणसी जिले में 3223 करोड़ रुपये की लागत से 421 परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिनमें 85 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं और 158 परियोजनाएं 90 प्रतिशत तक पूरी हो चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना की भी समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि नई परियोजनाओं के लिए धनराशि स्वीकृति और टेंडर प्रक्रिया समय से पूरी की जाए, ताकि कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने मंडलायुक्त और जिलाधिकारियों को नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित कर निर्माण कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन सड़कों की मरम्मत कराई जानी है, उनका पहले सर्वे कराया जाए। साथ ही नगर निगम को शहरी क्षेत्रों की सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए प्रस्तावों को भी प्राथमिकता से शामिल करने को कहा।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने चंदौली में निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का लगभग 18 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समय में परियोजना पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होंने वाराणसी में निर्माणाधीन यूनिटी मॉल परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की और कार्य में तेजी लाने को कहा।
बैठक में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, विभिन्न विधायक, सांसद एवं विधान परिषद सदस्य सहित मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल तथा पीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारी और अभियंता उपस्थित रहे।
