वाराणसी के सामूहिक विवाह व यज्ञोपवीत समारोह में शामिल होंगे CM योगी, महंत शंकर पुरी का न्योता स्वीकार
वाराणसी। श्रीकाशी अन्नपूर्णा मठ-मंदिर के महंत स्वामी शंकर पुरी महाराज ने सोमवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को 11 फरवरी को वाराणसी में होने वाले सामूहिक विवाह एवं यज्ञोपवीत समारोह का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने समारोह में शामिल होने की सहमति दी और आयोजन को भव्य रूप से संपन्न कराने को कहा।
श्रीकाशी अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र ट्रस्ट की ओर से यह समारोह शिवपुर स्थित अन्नपूर्णा ऋषिकुल ब्रह्मचर्याश्रम में आयोजित किया जाएगा। मुलाकात के दौरान महंत शंकर पुरी महाराज ने मुख्यमंत्री को अन्नकूट का प्रसाद और मां अन्नपूर्णेश्वरी व भगवान विश्वनाथ की काष्ठ प्रतिकृतियां भेंट कीं। मुख्यमंत्री ने भी महंत को स्मृति चिह्न के रूप में भगवान रामलला की स्फटिक प्रतिमा भेंट की।
मुख्यमंत्री ने मठ की ओर से संचालित अन्नक्षेत्र, संस्कृत विद्यालय, आरोग्यशाला, वृद्धाश्रम और प्रशिक्षण केंद्र के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सेवा कार्यों का विस्तार करने का आग्रह किया और इन प्रकल्पों के संचालन व विस्तार में हर स्तर पर सहयोग का भरोसा दिया। इस दौरान शिवानंद गिरि, धीरेंद्र सिंह और प्रदीप श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
