Movie prime

CM योगी आज वाराणसी से लॉन्च करेंगे मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना, 1.10 करोड़ छात्रों को भेजेंगे DBT

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को वाराणसी से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ करेंगे। योजना से प्रदेश के करीब 12 लाख शिक्षक और कर्मचारी लाभान्वित होंगे। साथ ही 1.10 करोड़ परिषदीय छात्रों के खातों में डीबीटी के जरिए 1200 रुपये भी ट्रांसफर किए जाएंगे।
 
CM योगी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को वाराणसी से प्रदेश के शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए कई बड़ी योजनाओं की शुरुआत करेंगे। बड़ालालपुर स्थित ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर में सुबह 10 बजे आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 'मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना' का शुभारंभ करेंगे। इसी मंच से वह प्रदेश के करोड़ों विद्यार्थियों को डीबीटी के जरिए आर्थिक सहायता भी जारी करेंगे।

12 लाख शिक्षक और कर्मचारी होंगे लाभान्वित

आयुष्मान भारत योजना की तर्ज पर शुरू की जा रही मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना से प्रदेश के करीब 12 लाख शिक्षक, शिक्षणेतर कर्मचारी और उनके परिवार लाभान्वित होंगे। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी, जिससे गंभीर बीमारी के इलाज का आर्थिक बोझ काफी कम होगा।

15 लाभार्थियों को सौंपेंगे हेल्थ कार्ड

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रतीकात्मक रूप से 15 लाभार्थियों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित करेंगे। इनमें शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और मिड-डे मील योजना से जुड़े रसोइये शामिल रहेंगे।

इन कर्मचारियों को मिलेगा योजना का लाभ

इस योजना का लाभ बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के राजकीय, सहायता प्राप्त एवं अनुदानित विद्यालयों के शिक्षक, विशेष शिक्षक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की वार्डेन, पूर्णकालिक और अंशकालिक शिक्षक, व्यावसायिक शिक्षा के विषय विशेषज्ञ, शिक्षण एवं शिक्षणेतर कर्मचारी सहित अन्य पात्र कर्मियों को मिलेगा।

1.10 करोड़ छात्रों के खातों में भेजे जाएंगे ₹1200

मुख्यमंत्री इसी कार्यक्रम में प्रदेश के करीब 1.10 करोड़ परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 1200 रुपये की सहायता राशि भी जारी करेंगे। यह धनराशि विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए उपलब्ध कराई जाएगी।

SBI के साथ होगा बड़ा समझौता

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के बीच लगभग 10 लाख शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों के हित में एक महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।

12 प्रधानाचार्यों को मिलेगा सम्मान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 'स्वच्छ हरित विद्यालय पुरस्कार' के तहत चयनित प्रदेश के 12 प्रधानाचार्यों को सम्मानित करेंगे। उन्हें उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस सम्मान का उद्देश्य विद्यालयों में स्वच्छता, हरित वातावरण और बेहतर शैक्षणिक माहौल को बढ़ावा देना है।