CM योगी 29 जुलाई को आएंगे वाराणसी, संत रविदास जन्मस्थली पर टेकेंगे मत्था, जनसभा को करेंगे संबोधित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 जुलाई को वाराणसी दौरे पर रहेंगे। वह सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जन्मस्थली पर आयोजित समरसता संकल्प अभियान में शामिल होंगे। कार्यक्रम में पूजा-अर्चना, कलश पूजन और जनसभा होगी। कई मंत्री, भाजपा नेता और संत-महात्मा भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
वाराणसी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 जुलाई को वाराणसी दौरे पर रहेंगे। वह सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जन्मस्थली में आयोजित 'श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान' में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री पूजा-अर्चना, कलश पूजन और जनसभा में भाग लेकर लोगों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री और संत-महात्मा भी मौजूद रहेंगे।
एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिए पहुंचेंगे कार्यक्रम स्थल
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम करीब 4 बजे बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए बीएचयू हेलीपैड जाएंगे और फिर सड़क मार्ग से सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जन्मस्थली पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री यहां संत रविदास महाराज की पूजा-अर्चना करेंगे, कलश पूजन में शामिल होंगे और इसके बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह वापस रवाना हो जाएंगे।
भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी होंगे शामिल
समरसता संकल्प अभियान में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और संत समाज की मौजूदगी रहेगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मुख्यमंत्री के साथ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह 28 जुलाई को वाराणसी पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेंगे और अगले दिन समारोह में भाग लेंगे।
प्रभारी मंत्री और संगठन के पदाधिकारी भी पहुंचेंगे
जिले के प्रभारी एवं वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना भी मंगलवार सुबह वाराणसी पहुंचेंगे। भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह पहले ही काशी पहुंच चुके हैं। सूत्रों के अनुसार उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के भी आने की चर्चा है। छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
घर-घर पहुंचकर दिया जा रहा निमंत्रण
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाजपा नेताओं ने जनसंपर्क अभियान भी तेज कर दिया है। विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने विवेकानंद कॉलोनी, शिवगंगा कॉलोनी और कृष्णानगर क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस दौरान पार्षद अमित सिंह 'चिंटू', राजनाथ सिंह पटेल, संतोष, अभय द्विवेदी, प्रमोद और संजय समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समरसता का संदेश देने पर रहेगा जोर
संत रविदास जन्मस्थली पर आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक समरसता और संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। प्रशासन और भाजपा संगठन कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं, जबकि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
