Movie prime

CM Yogi Visit: काशी में सीएम योगी का दौरा, डोमरी में एक घंटे में 3 लाख पौधे लगाकर रचा जाएगा विश्व रिकॉर्ड
 

 
 CM Yogi Visit: काशी में सीएम योगी का दौरा, डोमरी में एक घंटे में 3 लाख पौधे लगाकर रचा जाएगा विश्व रिकॉर्ड
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। काशी अब पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बनाने जा रही है। आगामी 1 मार्च को डोमरी क्षेत्र में एक ऐतिहासिक महाभियान के तहत मात्र एक घंटे में तीन लाख पौधे रोपने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस विशाल अभियान का उद्देश्य न केवल शहर की हरियाली बढ़ाना है, बल्कि इस उपलब्धि को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराना भी है।

पौधरोपण कार्यक्रम की शुरुआत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों होगी। इस संबंध में बुधवार को एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता मेयर अशोक कुमार तिवारी ने की। बैठक में शहर के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।

मेयर ने कहा कि वाराणसी को स्मार्ट सिटी के साथ-साथ ग्रीन सिटी बनाने का संकल्प अब धरातल पर उतारने का समय आ गया है। डोमरी में आयोजित होने वाला यह अभियान जन-आंदोलन का रूप लेगा, जिसमें हजारों स्वयंसेवक सहभागिता करेंगे।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए बताया कि तीन लाख पौधों के रोपण के लिए भूमि चिह्नांकन और गड्ढे खोदने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। वहीं, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने आयोजन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जानकारी दी कि इस अभियान में नीम, पीपल, पाकड़ और बरगद जैसे छायादार एवं औषधीय पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पहल केवल रिकॉर्ड बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।