Movie prime

देव दीपावली पर काशी में होंगे CM योगी, क्रूज़ से देखेंगे गंगा आरती और 3D लेज़र शो

 
  देव दीपावली पर काशी में होंगे CM योगी, क्रूज़ से देखेंगे गंगा आरती और 3D लेज़र शो
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। विश्वप्रसिद्ध देव दीपावली पर इस बार भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काशी पहुंचेंगे। पुलिस प्रशासन के अनुसार, वे पांच नवंबर को दोपहर बाद बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से पुलिस लाइन और फिर सर्किट हाउस जाएंगे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।

शाम को क्रूज से मुख्यमंत्री देव दीपावली का मनोरम नजारा देखेंगे और इसी से गंगा आरती का दर्शन करेंगे। कार्यक्रम के बाद श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा काल भैरव का दर्शन-पूजन करेंगे। छह नवंबर की सुबह प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारियों का जायजा लेंगे और शाम को लखनऊ रवाना हो जाएंगे।

हर-हर शंभू, शिव तांडव पर थिरकेंगी रोशनी की लहरें

इस बार देव दीपावली पर काशी में दिव्यता, भव्यता और आधुनिकता का अनोखा मेल दिखेगा। घाटों पर लाखों दीपों की रोशनी, लेजर शो और कोरियोग्राफ ग्रीन क्रैकर्स शो श्रद्धालुओं व पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देंगे। शिव भजनों की धुन पर करीब 10 मिनट का ग्रीन एरियल फायर क्रैकर शो रात 8 बजे शुरू होगा। 'हर-हर शंभू', 'शिव तांडव' और 'हे शिवा शिवा' जैसे भजनों की ताल पर डमरुओं की थाप और सतरंगी रोशनी से घाटों का माहौल भक्तिमय हो उठेगा।

गंगा पार रेती क्षेत्र कोरियोग्राफ व सिंक्रोनाइज ग्रीन क्रैकर्स शो की रंगीन रोशनी से नहाया नजर आएगा। यह शो श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के सामने होगा, जो आधुनिक 'फायर वन फायरिंग सिस्टम' से प्रस्तुत किया जाएगा। करीब एक हजार फीट लंबी रेत पर आतिशबाजी के पटाखे 200 मीटर ऊंचाई तक रोशनी बिखेरेंगे। यह रंगीन प्रकाश घाटों, गंगा की लहरों और दूर तक फैले क्षेत्र को आलोकित कर देगा। खास बात यह कि आतिशबाजी पूरी तरह ग्रीन क्रैकर्स से होगी। लेजर शो पूर्णिमा की रात में गंगा के आसमान को रंग-बिरंगी किरणों से सजाएगा, जो जल पर झिलमिलाती हुई काशी को दिव्य स्वप्नलोक जैसा बना देगी।

25 मिनट का 'काशी कथा' थ्रीडी शो

चेतसिंह घाट पर 25 मिनट का 'काशी कथा' थ्रीडी प्रोजेक्शन मैपिंग व लेजर शो होगा। यह शो एक घंटे के अंतराल पर तीन बार—रात 8:15, 9 और 9:35 बजे तक चलेगा। इस भव्य शो से पर्यटक काशी की धार्मिक-सांस्कृतिक यात्रा के साक्षी बनेंगे। शो की शुरुआत शंखनाद और डमरू की गूंज से होगी। इसमें भगवान शिव-पार्वती विवाह, भगवान विष्णु के चक्र पुष्करिणी कुंड, भगवान बुद्ध के धर्मोपदेश, संत कबीर व गोस्वामी तुलसीदास की भक्ति परंपरा और महामना मदन मोहन मालवीय द्वारा स्थापित काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना की झलक दिखाई जाएगी।