वाराणसी पहुंचे सीएम योगी, दालमंडी चौड़ीकरण, रोपवे प्रोजेक्ट समेत कई परियोजनाओं की करेंगे समीक्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को वाराणसी पहुंच चुके है। वे विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर शहर में कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। दालमंडी चौड़ीकरण और रोपवे परियोजना पर अहम फैसले संभव हैं।
वाराणसी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को वाराणसी दौरे पर पहुंच चुके है, जहां वे शहर के प्रमुख विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री पुलिस लाइन से सीधे कलेक्ट्रेट सभागार पहुंचेंगे, जहां अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा कालभैरव के दर्शन-पूजन भी करेंगे।
इन परियोजनाओं पर रहेगी खास नजर
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री रोपवे परियोजना, गंजारी क्रिकेट स्टेडियम, दालमंडी सड़क चौड़ीकरण और सीएम ग्रिड सड़क योजना समेत कई अहम प्रोजेक्ट्स की समीक्षा करेंगे।
बैठक के बाद दालमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण का कार्य एक बार फिर तेजी पकड़ सकता है। इसके अलावा नगर निगम के नए सदन भवन की प्रगति रिपोर्ट भी मुख्यमंत्री के सामने रखी जाएगी।
पहले रद्द हुआ था दौरा, अब पूरी तैयारी
मुख्यमंत्री का यह दौरा पहले मंगलवार को प्रस्तावित था, लेकिन गोरखपुर में शिक्षामित्रों के कार्यक्रम के चलते इसे स्थगित कर दिया गया था। अब प्रशासन ने बुधवार के दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
ट्रैफिक पर बड़ा असर, कई रूट रहेंगे डायवर्ट
मुख्यमंत्री के वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए शहर में व्यापक ट्रैफिक प्रतिबंध लागू किए गए हैं।
- अमर उजाला तिराहे से वीवीआईपी आगमन से 3 घंटे पहले टेम्पो ट्रैवलर, बस और क्रूजर को लहुराबीर व मैदागिन की ओर जाने से रोका जाएगा। इन्हें लकड़ीमंडी की तरफ मोड़ा जाएगा।
- विशेश्वरगंज तिराहे से 1 घंटे पहले चार पहिया वाहन मैदागिन की ओर नहीं जा सकेंगे, उन्हें गोलगड्डा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- मरीमाई तिराहे से तेलियाबाग की ओर वाहन आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
- मलदहिया चौराहे से जयसिंह और लहुराबीर की दिशा में वाहन नहीं जा सकेंगे।
- पिशाचमोचन तिराहा, चेतगंज और गिलट बाजार से भी कई मार्गों पर आवागमन रोका जाएगा।
- भोजूबीर सब्जी मंडी और सिंधौरा अंडरपास की ओर जाने वाले वाहनों पर भी रोक रहेगी।
