वाराणसी दौरे पर CM योगी का फैसला : श्रावण में काशीवासियों के लिए बनाए अलग दर्शन मार्ग, खोदी गई सड़कें करें दुरुस्त
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान मंगलवार को सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ विकास कार्यों तथा कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने श्रावण मास की तैयारियों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के साथ ही विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावण मास में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए काशीवासियों के लिए अलग दर्शन मार्ग की व्यवस्था की जाए। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।

जल जीवन मिशन में तेजी लाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि इस योजना के लिए धन की कोई कमी नहीं है। इसलिए सभी परियोजनाएं तेजी से पूरी कराई जाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां-जहां पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कें खोदी गई हैं, वहां निर्माण कार्य के साथ-साथ तत्काल मरम्मत भी कराई जाए, ताकि लोगों को परेशानी न हो।
रोपवे और अन्य परियोजनाओं पर भी जोर
बैठक में वाराणसी रोपवे परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि अगस्त तक रोपवे का कार्य पूरा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने इसे तय समय सीमा के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा दालमंडी सड़क चौड़ीकरण, निर्माणाधीन यूनिटी मॉल, आनंद काशी, रुद्र काशी और काशी स्पोर्ट्स सिटी जैसी परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई।
श्रावण में सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावण मास के दौरान प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, विद्युत, लोक निर्माण विभाग, परिवहन और रेलवे के बीच बेहतर समन्वय होना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, खोया-पाया केंद्र, निःशुल्क लॉकर, आपदा प्रबंधन और ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए।
गंगा में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए उन्होंने जल पुलिस को विशेष सतर्क रहने, नावों पर लाइफ जैकेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने और सीसीटीवी के माध्यम से लगातार निगरानी रखने को कहा।
कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग पर भी दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, पुलिसकर्मियों की ड्यूटी का समय-समय पर रोटेशन करने और जन शिकायतों का गुणवत्ता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने होटल, रेस्तरां और बस स्टैंड पर श्रद्धालुओं से मनमाना शुल्क वसूलने वालों पर भी कड़ी नजर रखने को कहा।
बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि वर्ष 2014 से अब तक वाराणसी में 36,210 करोड़ रुपये की लागत वाली 536 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि वर्तमान में 25,007 करोड़ रुपये की 191 परियोजनाओं पर कार्य जारी है।
