CM योगी का सख्त आदेश: सभी जिम की जांच हो, महिलाओं के लिए महिला ट्रेनर अनिवार्य
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस में कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी जिम की व्यापक जांच कराई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि हर जिम में महिलाओं के लिए महिला ट्रेनर की व्यवस्था अनिवार्य रूप से हो। हाल ही में मिर्जापुर में जिम के माध्यम से धर्म परिवर्तन के सामने आए मामले के बाद मुख्यमंत्री ने यह सख्ती दिखाई है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा न जाए। यदि किसी पुलिस कर्मी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
होली और आगामी पर्वों पर विशेष सतर्कता
सीएम ने आगामी होली व अन्य त्योहारों के मद्देनजर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर नियमित बैठकें करने और अधिक से अधिक जागरूकता कार्यक्रम चलाने को कहा।
तेज आवाज वाले साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न के प्रयोग पर रोक लगाने, सड़कों पर अतिक्रमण कर वाहन पार्किंग न होने देने तथा स्कूली बच्चों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी देने पर भी जोर दिया गया।
अवैध शराब और राजस्व वादों पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जहरीली और अवैध शराब की बिक्री किसी भी हाल में न होने पाए। शराब के अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी रखी जाए। लंबित राजस्व वादों और अविवादित वरासत मामलों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण किया जाए। अधिकारियों को नियमित जनसुनवाई कर मेरिट के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिला और कमिश्नरी स्तर पर व्यापार एवं उद्योग बंधु तथा बैंकों की नियमित बैठकें आयोजित कर शिकायतों का निस्तारण करने पर भी बल दिया गया।
अफसरों ने प्रस्तुत की प्रगति रिपोर्ट
बैठक में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने प्रस्तावित परियोजनाओं पर प्रस्तुतीकरण दिया। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने निर्माणाधीन विकास कार्यों की जानकारी दी। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कानून-व्यवस्था, गो-तस्करी पर कार्रवाई, साइबर अपराध और यातायात व्यवस्था की रिपोर्ट प्रस्तुत की। एडीजी जोन पियूष मोर्डिया ने मिशन शक्ति और 14-15 मार्च को प्रस्तावित पुलिस उपनिरीक्षक परीक्षा की तैयारियों से अवगत कराया।
बैठक में स्टाम्प राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, महापौर अशोक तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
सिगरा फल मंडी रोड का औचक निरीक्षण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिगरा स्थित फल मंडी रोड का भी औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड्स इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड्स योजना) के तहत चल रहे सड़क सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल भी मौजूद रहे।
