CM योगी का दो दिवसीय वाराणसी दौरा स्थगित, विभागीय तैयारियां थमीं
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रस्तावित दो दिवसीय वाराणसी दौरा मंगलवार को अचानक स्थगित कर दिया गया। अब मुख्यमंत्री बुधवार सुबह काशी पहुंचेंगे और दर्शन-पूजन के बाद उसी दिन वापस लौट जाएंगे।
दौरा स्थगित होने की जानकारी मिलते ही विभिन्न विभागों द्वारा चल रही तैयारियों पर विराम लग गया। पहले जारी कार्यक्रम के अनुसार सीएम योगी को मंगलवार से बुधवार तक वाराणसी में रहना था और रात्रि विश्राम भी निर्धारित था, लेकिन प्रशासन की ओर से अचानक कार्यक्रम रद्द किए जाने की सूचना जारी कर दी गई। माना जा रहा है कि व्यस्तता के चलते यह बदलाव किया गया है।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री को मंगलवार को एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होना था। इसके बाद शाम को पुलिस लाइन ग्राउंड पहुंचकर विकास कार्यों की समीक्षा करनी थी। साथ ही बाबा कालभैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन का कार्यक्रम भी तय था।
इसके अलावा, उन्हें रात्रि विश्राम के बाद 6 मई को बड़ालालपुर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेना था और फिर सड़क मार्ग से बाबतपुर एयरपोर्ट से रवाना होना था।
हालांकि अब बदले हुए कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा जारी नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री मांगलिक कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं और काशी विश्वनाथ व कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे।
दूसरी ओर, सीएम के आगमन को लेकर विभागों में चल रही तैयारियां फिलहाल थम गई हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को बैठकों और फाइलों की तैयारियों से राहत मिली है, जिसके बाद वे अब अपने नियमित कार्यों में जुट गए हैं।
