वाराणसी: CM योगी के दौरे और गुरु पूर्णिमा पर आज रहेगा रूट डायवर्जन, इन रास्तों पर होगा व्हीकल जोन
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को वाराणसी में विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। सीर गोवर्धनपुर स्थित रविदास मंदिर में आयोजित कार्यक्रम और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर दोपहर 1 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक नो व्हीकल जोन, रूट डायवर्जन और यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा।
इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
यातायात पुलिस के अनुसार, बाबतपुर पुलिस चौकी तिराहे से वीआईपी मूवमेंट के दौरान बाबतपुर ओवरब्रिज और पिंडरा कट की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। हरहुआ रिंग रोड ओवरब्रिज पर भी इसी दौरान यातायात पूरी तरह रोका जाएगा।
गिलट बाजार तिराहे से भोजूबीर की ओर जाने वाले वाहनों को सेंट्रल जेल रोड और शिवपुर बाजार की तरफ भेजा जाएगा। वहीं, भोजूबीर तिराहे से सर्किट हाउस और गिलट बाजार जाने वाले वाहनों को अर्दली बाजार की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
गोलघर-कचहरी तिराहे से सर्किट हाउस जाने वाले वाहन अंबेडकर चौराहा और अर्दली बाजार होकर गुजरेंगे। पुलिस लाइन चौराहे से गोलघर और ताड़ीखाना की ओर प्रवेश बंद रहेगा, जबकि चौकाघाट से पुलिस लाइन जाने वाले वाहन अंधरापुल की ओर भेजे जाएंगे।
सिगरा, राजघाट और कैंट क्षेत्र में भी रहेगी पाबंदी
सिगरा स्टेडियम गेट नंबर-2 से सिगरा चौराहा और रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर की ओर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। राजघाट क्षेत्र में वीवीआईपी आगमन से तीन घंटे पहले मालवाहक वाहनों का संचालन रोक दिया जाएगा। पड़ाव और रामनगर क्षेत्र में भी यातायात डायवर्जन लागू रहेगा।
कैंट क्षेत्र में मिंट हाउस, इंडिया होटल और नदेसर तिराहे के आसपास वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
भारी वाहन और ऑटो-ई-रिक्शा पर भी रोक
दोपहर 12 बजे से अमरा अखरी अंडरपास, चितईपुर और अन्य मार्गों से शहर की ओर आने वाले ट्रक एवं भारी वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, राजघाट पुल और सूजाबाद मार्ग पर वीवीआईपी मूवमेंट से दो घंटे पहले मालवाहक वाहनों का संचालन बंद रहेगा। लहुराबीर–मैदागिन और पुलिस लाइन–चौकाघाट–विशेश्वरगंज मार्ग पर भी ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन अस्थायी रूप से बंद रहेगा।
जनसभा के लिए पार्किंग की विशेष व्यवस्था
बाहर से आने वाली बसों और निजी वाहनों के लिए प्रशासन ने अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। लौटूबीर अंडरपास (P4), अजय नगर कॉलोनी (P3), हरिओम नगर कॉलोनी (P5) और BHU सेमी सर्किल-01 (P6) सहित कुल नौ पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। वीआईपी वाहनों के लिए लंगर हॉल मैदान (P1) और उनके सहायक वाहनों के लिए P2 पार्किंग आरक्षित रहेगी।
यातायात पुलिस की अपील
अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) अंशुमान मिश्रा ने लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले निर्धारित रूट डायवर्जन की जानकारी जरूर लें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि अनावश्यक जाम और असुविधा से बचा जा सके।
