Movie prime

CMO ने किया कबीरचौरा अस्पताल का औचक निरीक्षण, डॉक्टरों-नर्सिंग स्टाफ को चेताया, बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी...

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने बुधवार को श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय जिला चिकित्सालय, कबीरचौरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की चिकित्सीय व्यवस्थाओं और आकस्मिक सेवाओं का जायजा लेते हुए मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।

सीएमओ ने आकस्मिक कक्ष के साथ ही अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया और भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, बीमारी और इलाज की स्थिति के बारे में पूछा। उन्होंने मरीजों से दवाओं की उपलब्धता, उपचार व्यवस्था और अस्पताल में मिल रही अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।

आकस्मिक कक्ष में मौजूद चिकित्सकों से बातचीत के दौरान डॉ. सिंह ने इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को तत्काल और जरूरत के अनुसार उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में मरीज को इलाज के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। साथ ही मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ संवेदनशीलता और सेवा भाव से व्यवहार करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ को निर्धारित समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही या मरीजों के इलाज में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल की साफ-सफाई, वार्डों में मरीजों की सुविधाओं, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सीय सेवाओं की नियमित निगरानी पर भी विशेष जोर दिया गया। सीएमओ ने अधिकारियों को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डॉ. एनपी सिंह ने कहा कि जिला चिकित्सालय में आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और मानवीय दृष्टिकोण के साथ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से शासन की मंशा के अनुरूप मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने की अपील की।