Movie prime

वाराणसी में 26 घंटे तक नहीं मिली CNG, गेल और इंडियन ऑयल की बैठक के बाद आपूर्ति शुरू
 

 
 वाराणसी में 26 घंटे तक नहीं मिली CNG, गेल और इंडियन ऑयल की बैठक के बाद आपूर्ति शुरू
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। बिजली बिल के भुगतान को लेकर गेल इंडिया और इंडियन ऑयल के बीच विवाद के बाद वाराणसी में दस से अधिक पंपों पर सीएनजी की आपूर्ति करीब 26 घंटे तक ठप रही। शुक्रवार को वाराणसी क्लब में दोनों कंपनियों के अधिकारियों और पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के पदाधिकारियों की आपात बैठक के बाद प्रभावित पंपों पर आपूर्ति बहाल कर दी गई।

गुरुवार दोपहर से सीएनजी नहीं मिलने के कारण ऑटो और कार चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। शुक्रवार की बैठक में बिजली बिल के भुगतान की जिम्मेदारी, डीलरों के बकाये और कमीशन में कटौती के मुद्दों पर तीखी चर्चा हुई। गेल इंडिया के महाप्रबंधक मदन मोहन और इंडियन ऑयल के महाप्रबंधक राजेश कुमार बैठक में मौजूद रहे। राजेश कुमार ने डीलरों की समस्याओं का एक महीने के भीतर समाधान करने का भरोसा दिया।

भुगतान की व्यवस्था पर भी डीलरों ने उठाए सवाल

डीलरों का कहना है कि पेट्रोल और डीजल का लेनदेन एक ही खाते से होने के कारण सीएनजी से जुड़े भुगतान का अलग हिसाब रखने में दिक्कत आती है। उनके मुताबिक, गेल 15 दिन की उधारी देती है, जबकि इंडियन ऑयल एक दिन की भी मोहलत नहीं देती। डीलरों ने बैठक में भुगतान की इस अलग-अलग व्यवस्था से होने वाली परेशानी भी अधिकारियों के सामने रखी।

जिले के करीब 49 पंपों से रोज 20 हजार से अधिक वाहनों को मिलती है सीएनजी

वाराणसी जिले में करीब 49 सीएनजी पंप हैं। इनसे रोजाना 20 हजार से अधिक वाहनों को गैस मिलती है। दस से अधिक पंपों पर एक साथ आपूर्ति रुकने से हजारों वाहन चालक प्रभावित हुए।