कोडीन कफ सिरप केस: लखनऊ जेल से वाराणसी लाए जाएंगे अमित टाटा और अमित यादव, 14 दिन का न्यायिक रिमांड मंजूर
वाराणसी। कोडीन कफ सिरप तस्करी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कोर्ट ने मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल के करीबी माने जाने वाले अमित सिंह टाटा और अमित यादव को 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। अब दोनों आरोपियों को लखनऊ जेल से वाराणसी लाकर पूछताछ की जाएगी।
यह मामला वाराणसी के कोतवाली थाना में ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा दर्ज कराया गया था, जिसमें दोनों आरोपी नामजद हैं। इस मामले में सुनवाई करते हुए अपर जिला जज (एफटीसी) मनोज कुमार की अदालत ने अगली सुनवाई की तारीख 2 मई तय की है।
बताया जा रहा है कि आरोपियों की पेशी वारंट बी के जरिए कई बार टल चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेशी कराने की मांग की, जिसे कोर्ट ने स्वीकार करते हुए शनिवार को दोनों आरोपियों की वर्चुअल पेशी कराई।
सुनवाई के दौरान अदालत ने पुलिस की अर्जी पर विचार करते हुए 14 दिन की न्यायिक रिमांड मंजूर कर ली। अब वाराणसी पुलिस दोनों आरोपियों को लखनऊ से वाराणसी लाकर विस्तृत पूछताछ करेगी।
पुलिस के मुताबिक, अमित सिंह टाटा और अमित यादव से पूछताछ के दौरान तस्करी के पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की जानकारी जुटाई जाएगी। आशंका है कि इस पूछताछ में कई और लोगों के नाम सामने आ सकते हैं।
गौरतलब है कि दोनों आरोपियों पर कोडीन कफ सिरप की अवैध तस्करी कर करोड़ों रुपये कमाने का आरोप है और इनका नाम मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल के साथ कई मुकदमों में दर्ज है। अब पुलिस इस पूरे रैकेट के खुलासे में जुटी है।
