कोडीन कफ सिरप केस में पूर्व IPS ने लिखा DGP को पत्र, जौनपुर के पूर्व सांसद की भूमिका पर जांच की मांग
Codeine Cough Syrup Case: पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने कोडीन कफ सिरप तस्करी मामले में नए तथ्यों के बाद यूपी DGP को पत्र लिखकर गहन जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि गिरफ्तार अमित सिंह टाटा के पीछे पूर्व सांसद धनंजय सिंह की भूमिका हो सकती है। साथ ही आरोपियों के दुबई भागने पर पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए।
Codeine Cough Syrup Case: कफ सिरप तस्करी मामले में नए और गंभीर तथ्य सामने आने के बाद पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने राज्य के डीजीपी उत्तर प्रदेश को पत्र भेजकर विस्तृत जांच की मांग की है। इससे पहले 23 नवंबर को भेजे गए पत्र में उन्होंने दावा किया था कि वाराणसी के शुभम जायसवाल के पीछे जौनपुर के अमित सिंह टाटा की महत्वपूर्ण भूमिका है।
अमिताभ ठाकुर ने अपने पत्र में कहा है कि अमित सिंह टाटा इस नेटवर्क में केवल एक फ्रंटमैन की तरह काम कर रहा था और इसके पीछे जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह की भूमिका की चर्चा लगातार हो रही है। उन्होंने सोशल मीडिया पर मौजूद कई वीडियो और तस्वीरों का जिक्र किया है, जिनमें टाटा और अन्य आरोपी धनंजय सिंह के साथ दिखाई देते हैं। इसके लिए उन्होंने एक यूट्यूब लिंक भी अधिकारियों को भेजा है।
ठाकुर ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में जांच अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि तीनों मुख्य आरोपियों का देश छोड़कर दुबई जाना यह संकेत देता है कि बिना पुलिस या एसटीएफ की जानकारी के ऐसा संभव नहीं हो सकता। इसलिए इस पहलू की अलग से जांच की जरूरत है।
उन्होंने मांग की है कि पूरे मामले की गहन और निष्पक्ष जांच कराई जाए और यह भी स्पष्ट किया जाए कि आरोपी किन परिस्थितियों में देश से बाहर जा सके।
बता दें, इस मामले में वाराणसी का शुभम जायसवाल, जिसे इस पूरे रैकेट का सरगना भी कहा जा रहा है, अब भी फरारा है। लखनऊ एसटीएफ ने उसके साथी अमित सिंह टाटा को गिरफ्तार किया है। अमित सिंह टाटा ने कबूला कि शुभम और उसके पार्टनरों ने एबॉट कंपनी के अधिकारियों से मिलकर 100 करोड़ से अधिक का कफ सिरप खरीदा। इसे फर्जी खरीद-बिक्री बिल, ई-वे बिल बनाकर तस्करी कर दिया गया।
रांची और गाजियाबाद में शुभम गैंग के सौरभ त्यागी, विभोर राणा आदि के गिरफ्तार होने पर वह अपने परिवार एवं पार्टनर वरुण सिंह, गौरव जायसवाल के साथ दुबई भाग गया।
