कोडीन कफ सिरप माफिया पर बड़ी कार्रवाई, शुभम जायसवाल के ठिकानों पर ED की नोटिस
वाराणसी में कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी के बड़े नेटवर्क पर ED ने कार्रवाई तेज कर दी है। आरोपी शुभम जायसवाल और उसके पिता की संपत्तियों पर छापेमारी की गई। शुभम फिलहाल दुबई में छिपा है। पुलिस उसे भगोड़ा घोषित कराने और रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की तैयारी में है। कई जिलों में उस पर मामले दर्ज हैं।
वाराणसी: अरबों रुपये की कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी के बड़े नेटवर्क पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कार्रवाई तेज कर दी है। मनी लांड्रिंग केस में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद ईडी लखनऊ की दो अलग-अलग टीमों ने मंगलवार को आरोपी शुभम जायसवाल और उसके पिता भोला जायसवाल की संपत्तियों पर दबिश दी।
आदमपुर थाना क्षेत्र के प्रहलाद घाट स्थित कायस्थ टोला में शुभम जायसवाल के मकान पर टीम पहुंची, लेकिन घर बाहर से बंद मिला। इसके बाद ईडी ने वहां नोटिस चस्पा कर दिया। दूसरी टीम ने सिगरा थाना क्षेत्र के बादशाह बाग स्थित आवास पर भी कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार, एजेंसी शुभम, उसके माता-पिता और रिश्तेदारों की संपत्तियों का पूरा ब्योरा खंगाल रही है। कार्रवाई ईडी के सहायक निदेशक प्रवीण कुमार के नेतृत्व में की गई।
भगोड़ा घोषित और रेड कॉर्नर नोटिस की तैयारी
शुभम जायसवाल को पकड़ने के लिए कमिश्नरेट पुलिस भी सक्रिय है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि आरोपी को भगोड़ा घोषित कराने की प्रक्रिया कोर्ट में भेज दी गई है। प्रारंभिक जांच में शुभम की लोकेशन दुबई में मिली है, जिसके आधार पर उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। फर्जीवाड़ा, धोखाधड़ी और NDPS एक्ट के मामलों में वांछित शुभम की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें लगातार काम कर रही हैं।
कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे
सोनभद्र, वाराणसी, जौनपुर, गाजियाबाद, चंदौली सहित कई जिलों में शुभम जायसवाल के खिलाफ मामलों दर्ज हैं। उसके पिता भोला प्रसाद को सोनभद्र पुलिस ने हाल ही में कोलकाता के दमदम एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था, जहां से वह भी दुबई भागने की फिराक में था। पूछताछ में भोला ने स्वीकार किया कि शुभम इस समय दुबई में है।
