Movie prime

कमिश्नरेट का नया प्लान: वाट्सएप ग्रुप से जुड़ेंगे उद्यमी, सीधे पुलिस कमिश्नर तक पहुंचेगी शिकायत

 
mohit
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: कमिश्नरेट पुलिस ने शहर के उद्यमियों की सुरक्षा और धोखाधड़ी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब उद्यमियों के साथ ठगी करने वाले या माल और पैसा लेकर फरार होने वाले आरोपियों की सूची तैयार की जाएगी। शिकायत मिलने पर तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई भी की जाएगी।

व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ेगा पुलिस और कारोबार जगत

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह भी तय किया गया कि जल्द ही उद्यमियों का एक विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा। इस ग्रुप में पुलिस आयुक्त, अपर पुलिस आयुक्त, संबंधित जोन के डीसीपी और थाना प्रभारी सीधे जुड़े रहेंगे।

इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए उद्यमी अपनी शिकायतें, सुझाव और सुरक्षा से जुड़े मुद्दे सीधे पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा सकेंगे, जिस पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उद्यमियों से ‘पुलिस मित्र’ की भूमिका निभाने की अपील

बैठक में पुलिस आयुक्त ने उद्यमियों से शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कोई यातायात नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसकी फोटो या वीडियो व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करें, जिससे त्वरित कार्रवाई की जा सके।

 औद्योगिक क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी और गश्त

पुलिस आयुक्त ने औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कई निर्देश दिए। इसमें अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने, निजी सुरक्षा गार्ड और कर्मचारियों का सत्यापन कराने, तथा नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने पर जोर दिया गया। साथ ही जुआ, सट्टा, नशाखोरी और चोरी जैसी अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

यातायात व्यवस्था सुधारने पर भी फोकस

सुगम यातायात के लिए लोडिंग-अनलोडिंग केवल निर्धारित स्थानों पर कराने और अनावश्यक पार्किंग पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही ट्रैफिक अवेयरनेस कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।

 ‘भयमुक्त व्यापार’ का भरोसा

पुलिस आयुक्त ने उद्यमियों की समस्याओं का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वाराणसी में भयमुक्त समाज और भयमुक्त व्यापार स्थापित करना पुलिस की प्राथमिकता है।