वाराणसी में कांग्रेस का हंगामा: पुलिस घेराबंदी तोड़ पटेल प्रतिमा पर चढ़ाया माला, कई नेता हिरासत में
वाराणसी। यंग इंडिया (नेशनल हेराल्ड) मामले में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ED की कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को शहर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस कार्यालय से मलदहिया चौराहे तक मार्च निकालकर केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की घेराबंदी को चकमा देकर सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान ED की कार्रवाई को अवैध और राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताते हुए जोरदार विरोध दर्ज किया गया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि गांधीवादी विचारधारा से घबराई सरकार तानाशाही रवैया अपनाते हुए कार्यकर्ताओं पर दमन कर रही है।
प्रदर्शन की घोषणा के बाद पुलिस ने सुबह से ही सतर्कता बरतते हुए महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, जिलाध्यक्ष सहित कई प्रमुख नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया। भाजपा कार्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को टांगकर गाड़ियों में बैठाया और सभी को हिरासत में लेकर पुलिस लाइंस भेज दिया।
मौके पर एसीपी शिवहरी मीणा, डीसीपी काशी गौरव बंसवाल, डीसीपी क्राइम सरवनन टी, एसीपी चेतगंज डॉ. ईशान सोनी और सिगरा थाना प्रभारी संजय मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ तैनात रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि वे डरने वाले नहीं हैं और अंतिम सांस तक न्याय की लड़ाई लड़ेंगे।
