Movie prime

PM मोदी के गढ़ में कांग्रेस की ‘न्याय यात्रा’! सड़क, सीवर और पानी के मुद्दे पर भाजपा सरकार से मांगेगी जवाब
 

 
 PM मोदी के गढ़ में कांग्रेस की ‘न्याय यात्रा’! सड़क, सीवर और पानी के मुद्दे पर भाजपा सरकार से मांगेगी जवाब
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रस्तावित ‘काशी न्याय यात्रा’ की तैयारियों को लेकर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र की महत्वपूर्ण बैठक खजुरी स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित की गई। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर के सभी 100 वार्डों की मूलभूत समस्याओं पर चर्चा की गई। साथ ही आगामी न्याय यात्रा की रूपरेखा तैयार करते हुए इसे वाराणसी की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में निकालने का निर्णय लिया गया।

बैठक में सीवर की समस्या, पेयजल संकट, खराब सड़कें, जलभराव और अन्य नागरिक सुविधाओं की बदहाल स्थिति को प्रमुखता से उठाने पर सहमति बनी। इसके अलावा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर मतदाता सूची से लोगों के नाम काटे जाने संबंधी शिकायतों को भी यात्रा के दौरान जनता के बीच उठाने का निर्णय लिया गया।

डबल इंजन सरकार पर राघवेंद्र चौबे ने उठाए सवाल

बैठक को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है और वर्ष 1989 से काशी की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी का वर्चस्व रहा है। लंबे समय से सांसद, महापौर, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भाजपा से जुड़े रहे हैं।

चौबे ने सवाल उठाया कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार होने के बावजूद वाराणसी के नागरिक आज भी सीवर, पेयजल, खराब सड़कों और जलभराव जैसी समस्याओं से क्यों जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इतने वर्षों तक सत्ता में रहने के बाद भी शहर की बुनियादी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होना सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

शहर के सभी 100 वार्डों तक पहुंचेगी कांग्रेस

राघवेंद्र चौबे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की समस्याओं को लेकर चुप नहीं बैठेगी। प्रस्तावित ‘काशी न्याय यात्रा’ के माध्यम से पार्टी शहर के सभी 100 वार्डों में पहुंचेगी। इस दौरान स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनी जाएंगी, उन्हें दर्ज किया जाएगा और समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों एवं शासन-प्रशासन के समक्ष उठाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आम जनता की पीड़ा, अधिकार और न्याय की आवाज बनेगी। कांग्रेस वाराणसी की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा निकालकर नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।

न्याय यात्रा को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं ने बनाई रणनीति

बैठक में उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने यात्रा की तैयारियों पर चर्चा की। कार्यकर्ताओं ने अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने और वार्ड स्तर पर जनसमस्याओं को सामने लाने का संकल्प लिया।

इस दौरान राघवेंद्र चौबे, सतनाम सिंह, मयंक चौबे, हसन मेहदी कब्बन, पीयूष श्रीवास्तव, संतोष चौरसिया, सुफियान अहमद, प्रवीण सिंह, रोहित दुबे, हिमांशु सिंह, रोहित मौर्य, शाश्वत चौबे, सुशील पाण्डेय, मृत्युंजय सोनकर, रविशंकर श्रीवास्तव, साबिर, शोएब और जावेद वारसी समेत दर्जनों कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।