Movie prime

वाराणसी में सिलेंडर की किल्लत से उपभोक्ता परेशान, गैस एजेंसियों ने मोबाइल किया बंद
 

 
 वाराणसी में सिलेंडर की किल्लत से उपभोक्ता परेशान, गैस एजेंसियों ने मोबाइल किया बंद
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी I वाराणसी में पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण ऊर्जा आपूर्ति पर असर पड़ने की आशंका के बीच केंद्र और स्थानीय प्रशासन ने घरेलू गैस आपूर्ति को प्राथमिकता दी है। इसके बावजूद शहर में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता में देरी देखने को मिल रही है। लोग एक सप्ताह से 10 दिनों से दूसरे सिलेंडर के इंतजार में हैं और फोन से लेकर गैस एजेंसी और गोदाम तक चक्कर लगा रहे हैं।

टकटकपुर स्थित वाराणसी गैस गोदाम पर सुबह सात बजे के करीब लगभग 20 लोग पर्ची और सिलेंडर लेकर पहुंचे। इनमें अधिकांश लोग नियमित सिलेंडर लेने वाले थे। गोदाम इंचार्ज दशरथ सोनकर ने बताया कि प्रतिदिन केवल एक ट्रक आ रहा है, इसलिए कामर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित है। वहीं घरेलू पाइप-लाइन गैस (पीएनजी) पर कोई असर नहीं पड़ा है और यह नियमित रूप से घरों तक पहुंच रही है।

कामर्शियल सिलेंडर पर रोक के कारण होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग सेवाओं को परेशानी हो रही है। कई व्यवसायियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या बनी रही तो उन्हें काम बंद करना पड़ सकता है।

एडीएम आपूर्ति अमित कुमार ने कहा कि पहले की बुकिंग की पेंडेंसी जल्द पूरी की जा रही है। नए नियम के तहत अब बुकिंग कराने पर सिलेंडर अगले दिन ही उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि गैस की कमी नहीं है और यह व्यवस्था केवल जमाखोरी रोकने के लिए की गई है।

उपभोक्ता मधुलिका सिंह और रमेश कुमार मिश्र ने भी बुकिंग के बाद सिलेंडर मिलने में देरी की शिकायत की। कई गैस एजेंसियों के मालिक और मैनेजर ने लगातार पूछताछ से बचने के लिए अपने मोबाइल बंद कर दिए हैं।

सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने गैस एजेंसियों और गोदाम पर पुलिस और फैंटम दस्ते की तैनाती सुनिश्चित की है। एजेंसियों को यह निर्देश भी दिया गया है कि वे उपभोक्ताओं को भ्रमित करने वाले संदेशों से बचें और केवल वैध जानकारी ही साझा करें।

सरकार और स्थानीय प्रशासन का संदेश है कि घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है और नागरिकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।