Movie prime

वाराणसी में कोरोना ने बढ़ाई चिंता, 2 साल का बच्चा कोविड पॉजिटिव, अस्पताल में भर्ती
 

 
 वाराणसी में कोरोना ने बढ़ाई चिंता, 2 साल का बच्चा कोविड पॉजिटिव, अस्पताल में भर्ती
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। वाराणसी में एक बार फिर कोरोना संक्रमण ने दस्तक दे दी है। सोमवार को सवा दो साल (2.3 वर्ष) का एक बच्चा कोविड-19 संक्रमित पाया गया। बच्चे का इलाज ककरमत्ता स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है। कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे अस्पताल के अलग आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, चंदौली निवासी बच्चे को तेज बुखार और दौरे पड़ने की शिकायत के बाद परिजन निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जांच के दौरान बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आलोक भारद्वाज ने कोरोना जांच कराने की सलाह दी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद बच्चे को तत्काल आइसोलेशन में रखा गया और उसके उपचार की व्यवस्था की गई।

डॉ. आलोक भारद्वाज ने बताया कि कोविड की तीसरी लहर समाप्त होने के बाद बच्चों में कोरोना संक्रमण का यह पहला मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि बच्चे की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसके परिवार के सदस्यों को भी जांच और सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

गौरतलब है कि पिछले 20 दिनों में वाराणसी में कोरोना संक्रमण के तीन मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों से सतर्क रहने और लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने की अपील कर रहे हैं।

डॉ. भारद्वाज ने कहा कि जिन लोगों को बुखार, सर्दी, खांसी या अन्य फ्लू जैसे लक्षण हों, वे लापरवाही न बरतें। विशेष रूप से बच्चों की सेहत को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने सलाह दी कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने पर जरूरत पड़ने पर मास्क का उपयोग करें और संक्रमण के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें।