Movie prime

Cough Syrup Case: 2500 मोबाइल नंबर SIT के रडार पर, 40 युवक बनारस से फरार, जांच में बड़े खुलासे
 

 
 Cough Syrup Case: 2500 मोबाइल नंबर SIT के रडार पर, 40 युवक बनारस से फरार, जांच में बड़े खुलासे
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी I कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी के बड़े मामले में कमिश्नरेट पुलिस की एसआईटी ने जांच तेज कर दी है। शैली ट्रेडर्स के प्रोप्राइटर भोला प्रसाद जायसवाल और उसके बेटे, 75 हजार रुपये इनामी मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल से जुड़े नेटवर्क की परतें खुल रही हैं।

एसआईटी के रडार पर 2500 मोबाइल नंबर, 40 युवक फरार

एसआईटी ने शैली ट्रेडर्स से जुड़े 2500 मोबाइल नंबरों को रडार पर लिया है। जांच में पक्के महाल, मैदागिन, सप्तसागर दवा मंडी और आसपास के इलाकों के करीब 40 युवकों ने बनारस छोड़ दिया है। इनकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है। कई युवक पिछले तीन सालों में होटल, गेस्ट हाउस और प्रॉपर्टी डीलिंग जैसे कारोबार में भारी निवेश कर चुके हैं। कोतवाली थाने में कुछ युवकों से पूछताछ भी हुई है।

हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के कुछ पूर्व छात्र नेता भी इस नेटवर्क में शामिल पाए गए हैं। शैली ट्रेडर्स के संपर्क में रहने वालों की लंबी सूची तैयार की गई है, जिसमें औसानगंज निवासी पिता-पुत्र और उनके रिश्तेदारों की संलिप्तता उजागर हुई है। सबसे ज्यादा पक्के महाल के नवयुवकों को तस्करी में शामिल किया गया।

गैर-जमानती वारंट और ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी

सिगरा थाना क्षेत्र के बादशाहबाग कॉलोनी निवासी मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल, खोजवा के दिवेश जायसवाल और सोनिया के अमित जायसवाल के खिलाफ कोर्ट से गैर-जमानती वारंट जारी हैं। शुभम के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया है।

संपत्ति जब्ती और आय के स्रोतों की जांच

अधिकारियों के अनुसार, मामले में आरोपियों की संपत्तियां जब्त की जा रही हैं। शुभम और भोला प्रसाद के करीबियों की संपत्तियों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। पिछले तीन सालों में अचानक बनी करोड़ों की संपत्तियों की जांच हो रही है। इन संपत्तियों के स्रोत और आय के तरीके भी पूछे जाएंगे। पहले ही भोला प्रसाद जायसवाल और परिवार की 30 करोड़ से अधिक की संपत्ति एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त की जा चुकी है।

एसआईटी की जांच से इस बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश हो रहा है, जिसमें फर्जी लाइसेंस, नकली बिलिंग और अवैध सप्लाई का जाल फैला हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच और गहराई से की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।