Movie prime

बरेका में कर्मचारी हितों पर परिषद-प्रशासन की बैठक, समस्याओं के समाधान का आश्वासन
 

 
 बरेका में कर्मचारी हितों पर परिषद-प्रशासन की बैठक, समस्याओं के समाधान का आश्वासन
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान और कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा के लिए बुधवार को प्रशासन और कर्मचारी परिषद के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। प्रशासनिक भवन स्थित कीर्ति कक्ष में हुई इस बैठक की अध्यक्षता प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार ने की।

बैठक में बरेका कर्मचारी परिषद के प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने परिषद द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए उनके व्यावहारिक एवं त्वरित समाधान के लिए सकारात्मक आश्वासन दिया।

अध्यक्षीय संबोधन में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार ने कहा कि कर्मचारियों का कल्याण और उनकी कार्यसंतुष्टि संस्थान की प्रगति का आधार है। उन्होंने प्रशासन और कर्मचारियों के बीच निरंतर संवाद तथा सहयोग की भावना को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।

बैठक में प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेंद्र कुमार सिंह, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार तथा महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कर्मचारी परिषद की ओर से संयुक्त सचिव प्रदीप कुमार यादव तथा सदस्य अमित कुमार, नवीन कुमार सिन्हा, श्रीकांत यादव, सुशील कुमार सिंह, संतोष कुमार यादव, धर्मेंद्र कुमार सिंह और मनीष कुमार सिंह ने भाग लिया। उन्होंने कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न विषयों को प्रशासन के समक्ष रखते हुए उनके समाधान की मांग की।

बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए प्रशासन और परिषद के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर सहमति बनी।