Movie prime

वाराणसी में जून भर बदला रहेगा कोर्ट का समय, सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगी सुनवाई
 

 
 वाराणसी में जून भर बदला रहेगा कोर्ट का समय, सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगी सुनवाई
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी : भीषण गर्मी को देखते हुए वाराणसी जिला न्यायालय के कामकाज के समय में बदलाव किया गया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देश पर जून महीने के लिए न्यायालयों और कार्यालयों का नया समय निर्धारित किया गया है। यह व्यवस्था 1 जून 2026 से लागू होगी।

जिला न्यायाधीश, वाराणसी की ओर से जारी आदेश के अनुसार जून 2026 के दौरान जनपद न्यायालय, वाराणसी की सभी अदालतों में सुनवाई का समय सुबह 7:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक रहेगा। वहीं मध्यावकाश (लंच ब्रेक) सुबह 10:30 बजे से 11:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।

कार्यालय भी सुबह जल्दी खुलेंगे

आदेश में कहा गया है कि न्यायालय से जुड़े सभी कार्यालयों का समय भी बदला गया है। अब कार्यालय सुबह 6:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक संचालित होंगे। इसके तहत सभी न्यायिक अधिकारी और कर्मचारी 1 जून से सुबह 6:30 बजे तक अपने-अपने न्यायालय और कार्यालय में उपस्थित रहेंगे।

हाईकोर्ट के निर्देश पर लिया गया फैसला

यह निर्णय इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में लिया गया है। गर्मी के मौसम में न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और वादकारियों को राहत देने के उद्देश्य से न्यायालयों का समय बदला गया है।

बार एसोसिएशन और संबंधित विभागों को भेजी गई सूचना

नए समय की जानकारी परिवार न्यायालय, वाणिज्यिक न्यायालय, जिला प्रशासन, पुलिस आयुक्त, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला एवं केंद्रीय कारागार प्रशासन सहित विभिन्न विभागों को भेज दी गई है। साथ ही सेंट्रल बार एसोसिएशन, बनारस बार एसोसिएशन और अन्य संबंधित संस्थाओं को भी इस संबंध में सूचित किया गया है।

पक्षकारों और अधिवक्ताओं से समय का ध्यान रखने की अपील

न्यायालय प्रशासन ने अधिवक्ताओं, वादकारियों और संबंधित पक्षों से अपील की है कि वे नए समय के अनुसार न्यायालय पहुंचें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। जून माह के दौरान सभी न्यायिक कार्य इसी संशोधित समय-सारिणी के अनुसार संपन्न कराए जाएंगे।