ट्रैफिक सिस्टम सुधारने सड़कों पर उतरे CP मोहित अग्रवाल, शहर के 21 प्रमुख चौराहों पर अगले 3 दिनों में जेब्रा लाइन बनवाने के निर्देश
वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यस्त मार्गों पर वाहनों की आवाजाही, पार्किंग व्यवस्था, अतिक्रमण और ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम की स्थिति की बारीकी से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। यातायात को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से कई बड़े बदलाव किए जाने जा रहे हैं।
लंका क्षेत्र में लागू होगी नई पार्किंग व्यवस्था
-
रविदास गेट से मालवीय गेट के बीच दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए Coloured Parking Zone बनाई जाएगी।
-
सड़क पर रंगीन पेंट से पार्किंग स्पॉट चिन्हित किए जाएंगे।
-
निर्धारित जगह से बाहर पार्किंग करने पर वाहन को क्रेन से उठाकर चालान किया जाएगा।
-
ऑटो और ई-रिक्शा के लिए तय पार्किंग स्थल का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
-
मालवीय चौराहे से 100 मीटर के दायरे में किसी भी वाहन की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

मंडुवाडीह चौराहे पर बड़े बदलाव
-
चौराहे के चौड़ीकरण के बाद ट्रैफिक लाइट और ट्रैफिक बूथ स्थापित होने पर यू-टर्न व्यवस्था खत्म कर दी जाएगी।
-
नगर निगम से इस संबंध में प्रस्ताव भेजा जा रहा है।
-
दोपहिया वाहनों के लिए यू-टर्न की दूरी 500 मीटर से घटाकर 100 मीटर कर दी जाएगी।
21 चौराहों पर तीन दिन में बनेगी जेब्रा लाइन
पुलिस आयुक्त ने शहर के 21 प्रमुख चौराहों पर अगले 3 दिनों में जेब्रा लाइन बनवाने का निर्देश दिया है, जिससे पैदल यात्रियों की सुरक्षा और यातायात अनुशासन में सुधार हो सके।
अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने आदेश दिया, महत्वपूर्ण मार्गों पर अवैध पार्किंग, सड़क किनारे खड़े वाहन, ठेले और अतिक्रमण को तुरंत हटाया जाए। दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर बिना अनुमति पार्किंग तथा सड़क पर माल लोड/अनलोड करने पर कड़ी कार्रवाई हो। स्कूली वाहनों, पब्लिक ट्रांसपोर्ट, ई-रिक्शा, टेम्पो और ऑटो के रूट व परमिट अनुपालन की कड़ी निगरानी की जाए। ओवरस्पीडिंग, स्टंट, हाई-स्पीड ड्राइविंग, मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन सरवणन टी. अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्र, संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
