CP मोहित अग्रवाल का मिशन शक्ति केंद्र निरीक्षण, महिला अपराध के छोटे मामलों की 15 दिन में जांच पूरी करने के निर्देश
वाराणसी। वाराणसी में महिला सुरक्षा को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार को थाना रोहनियां स्थित मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला अपराधों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विस्तृत और सख्त दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली का परीक्षण किया और स्पष्ट कहा कि महिला संबंधी हर मामले में संवेदनशील, सहानुभूतिपूर्ण और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने घरेलू हिंसा और अन्य महिला उत्पीड़न के मामलों में तत्काल कार्रवाई करने के साथ-साथ हर सप्ताह पीड़िता से संपर्क कर फीडबैक लेने और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

स्कूल-कॉलेज और हॉस्टलों में CCTV व शिकायत पेटिका अनिवार्य
पुलिस आयुक्त ने सभी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान और महिला हॉस्टलों में सीसीटीवी कैमरे और शिकायत पेटिका लगाए जाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति केंद्र के कर्मचारी एंटी रोमियो स्क्वाड के रूप में सक्रिय रहें और स्कूलों व कोचिंग संस्थानों के बाहर खड़े असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।

15 दिन में विवेचना पूरी करने का निर्देश
महिला अपराध से जुड़े छोटे मामलों में 15 दिनों के भीतर विवेचना पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। साथ ही, किसी भी महिला संबंधी मामले में गुमशुदगी या एफआईआर दर्ज करने में देरी न हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायत दर्ज करने में टालमटोल या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
महिला अपराध और गुमशुदगी मामलों में 100% एफआईआर
पुलिस आयुक्त ने महिला अपराध और बच्चों की गुमशुदगी के मामलों में 100 प्रतिशत एफआईआर दर्ज कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि हर परिस्थिति में पीड़िता की गरिमा और मर्यादा का सम्मान किया जाए।
इसके अलावा, कोचिंग संस्थानों, विद्यालयों और महिला हॉस्टलों के आसपास छेड़छाड़, पीछा करने या टिप्पणी करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करने और नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी को स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर जागरूकता अभियान चलाने और प्रभावी चेकिंग करने को कहा गया।
पुलिस आयुक्त ने दोहराया कि महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार का अशोभनीय व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ तत्काल व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
