Movie prime

दालमंडी चौड़ीकरण: आज भूमि पूजन के बाद शुरू होगा मॉडल सड़क का निर्माण कार्य, 181 मकानों और 6 मस्जिदों के हिस्से हटाए गए

 
Dalmandi
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। काशी के बहुचर्चित दालमंडी चौड़ीकरण प्रोजेक्ट में आज एक बड़ा पड़ाव आने जा रहा है। रविवार को थाने के बगल में भूमि पूजन कियाजाएगा। स्थानीय विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी भूमि पूजन करेंगे। इसके साथ ही दालमंडी में प्रस्तावित मॉडल सड़क के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी।

दालमंडी को करीब 17.5 मीटर चौड़ा किया जाना है। सड़क निर्माण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग (PWD) को दी गई है। विभाग के मुताबिक, निर्माण कार्य को अगले तीन महीने में पूरा कर सड़क जनता को सौंपने का लक्ष्य रखा गया है।


181 मकानों में से 150 का हो चुका ध्वस्तीकरण

चौड़ीकरण की जद में कुल 181 मकान आए हैं। इनमें से अब तक करीब 150 मकानों को जमींदोज किया जा चुका है, जबकि बाकी हिस्सों में भी कार्रवाई जारी है। इसके अलावा चौड़ीकरण की जद में आने वाले छह मस्जिदों के हिस्सों को भी हटाया गया है।

दालमंडी में लंबे समय से चल रही नापी, रजिस्ट्री, मुआवजा और ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया के बाद अब सड़क निर्माण का काम शुरू होने जा रहा है।


2025 में कैबिनेट से मिली थी मंजूरी

दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना को 22 जुलाई 2025 को योगी कैबिनेट से मंजूरी मिली थी। इसके बाद 23 जुलाई से मकानों की नापी शुरू हुई। नापी के बाद भवनों का आकलन और मुआवजा तय किया गया। रजिस्ट्री से पहले अंतिम नापी कर भवनों पर लाल निशान लगाए गए और इसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हुई।

परियोजना के लिए 31 जुलाई 2025 को शासनादेश जारी किया गया था। इसके तहत करीब 215.88 करोड़ रुपये का पुनरीक्षित बजट स्वीकृत किया गया। इसमें प्रभावित मकानों और धार्मिक स्थलों की क्षतिपूर्ति के लिए भी बड़ी राशि निर्धारित की गई।


चौक थाने में खोला गया था PWD का कैंप कार्यालय

स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए 25 सितंबर 2025 को चौक थाने में PWD का कैंप कार्यालय खोला गया था। यहां अधिकारी लोगों को मुआवजा, दस्तावेज और रजिस्ट्री से जुड़ी जानकारी देते थे। बाद में 27 अक्टूबर से इसी कैंप कार्यालय से रजिस्ट्री की प्रक्रिया भी शुरू की गई।

इसके बाद 29 अक्टूबर 2025 से दालमंडी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हुई। शुरुआती कार्रवाई हथौड़े से की गई, जिसके बाद जनवरी 2026 में पहली बार बुलडोजर का इस्तेमाल किया गया।


जून में पोकलैंड मशीन से तेज हुई कार्रवाई

चौड़ीकरण की कार्रवाई को गति देने के लिए 8 जून 2026 को पोकलैंड मशीन दालमंडी पहुंची। अगले दिन से मशीन के जरिए ध्वस्तीकरण शुरू किया गया। पहले दिन करीब 12 मकानों को हटाया गया। इसके बाद अधूरे ध्वस्तीकरण वाले भवनों को भी तेजी से जमींदोज किया गया।

जुलाई में चौड़ीकरण की जद में आने वाले मस्जिदों के हिस्सों को भी आपसी सहमति और संबंधित कमेटियों के सहयोग से हटाया गया।


60 फीट चौड़ी होगी दालमंडी की सड़क

 

नई योजना के तहत नई सड़क से चौक थाने तक करीब 650 मीटर लंबी दालमंडी सड़क को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। सड़क की कुल चौड़ाई करीब 60 फीट रखने की योजना है। इसमें लगभग 30 फीट मुख्य सड़क और दोनों तरफ 15-15 फीट की पटरी प्रस्तावित है।

सड़क निर्माण के साथ क्षेत्र में बिजली, सीवर और पानी की लाइन को भूमिगत किए जाने की योजना है। इससे सड़क के ऊपर फैले बिजली के तारों का जाल भी हटाया जाएगा और इलाके का स्वरूप पूरी तरह बदलने की उम्मीद है।

भूमि पूजन के साथ अब वर्षों पुराने दालमंडी चौड़ीकरण प्रोजेक्ट का अगला चरण शुरू होगा। प्रशासन और PWD की कोशिश है कि निर्धारित समयसीमा में निर्माण पूरा कर काशी को एक आधुनिक और व्यवस्थित मॉडल सड़क उपलब्ध कराई जाए।