दालमंडी चौड़ीकरण अभियान तेज, 12 मकानों पर चला बुलडोजर; अब 19 मकान बाकी
वाराणसी। दालमंडी गली चौड़ीकरण परियोजना के तहत मंगलवार को प्रशासन ने एक बार फिर बड़ा अभियान चलाया। सुबह 6 बजे से शुरू हुई कार्रवाई में लोक निर्माण विभाग (PWD) और वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) की संयुक्त टीम ने अवैध घोषित 12 मकानों को ध्वस्त कर दिया। पूरे अभियान के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और ड्रोन कैमरों की मदद से निगरानी की गई।
भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने पिछले दो दिनों से सुबह के समय ध्वस्तीकरण अभियान चलाने का निर्णय लिया है। मंगलवार को भी तय कार्यक्रम के अनुसार दो बुलडोजरों की सहायता से कार्रवाई शुरू की गई। ध्वस्तीकरण से पहले संबंधित भवन स्वामियों और निवासियों को मकान खाली करने के निर्देश दिए गए थे। प्रशासन की ओर से पूर्व में नोटिस जारी करने के साथ-साथ मुनादी कराकर भी सूचना दी जा चुकी थी।
अभियान के दौरान सबसे पहले भवनों के नीचे संचालित दुकानों के शटर हटाए गए। इसके बाद मकानों के आगे निकले हिस्सों और अवैध निर्माणों को गिराने की कार्रवाई की गई। कई भवनों के बारजे और सड़क की ओर निकले हिस्सों को भी ध्वस्त किया गया।
मौके पर एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी समेत प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। एसीपी ने बताया कि अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए करीब 200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। साथ ही ड्रोन कैमरों से पूरे क्षेत्र पर लगातार नजर रखी गई।
प्रशासन द्वारा जिन भवनों पर कार्रवाई की गई, उनमें सीके-42/85-ए, सीके-42/104, सीके-69/27, सीके-42/86-ए, सीके-39/6, सीके-42/1, सीके-67/25-1, सीके-39/2, सीके-50/217, सीके-50/218, सीके-39/7, सीके-43/160-ए और सीके-43/171 शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार अब चिह्नित भवनों में केवल 19 मकान शेष बचे हैं, जिन पर आगामी दिनों में कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि दालमंडी गली के चौड़ीकरण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ श्रद्धालुओं को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसी उद्देश्य से चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण हटाने और भवनों के ध्वस्तीकरण का कार्य जारी है।
