डेटिंग ऐप से दोस्ती के बाद युवक का अपहरण, मारपीट कर 20 हजार रुपये वसूलने का आरोप
वाराणसी: कपसेठी थाना क्षेत्र के इसरवार गांव में डेटिंग ऐप के जरिए दोस्ती के बाद एक युवक को मिलने के बहाने बुलाकर अपहरण करने, बंधक बनाकर मारपीट करने और 20 हजार रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने नितिन नामक युवक समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।
भदोही जिले के माधोरामपुर निवासी प्रेम कुमार मौर्या ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपने मोबाइल में ग्राइंडर ऐप डाउनलोड किया था। इसी दौरान ऐप पर एक यूजर से उनकी बातचीत हुई। यूजर ने उन्हें मिलने के लिए चौरी बाजार बुलाया।
प्रेम के अनुसार, 10 अगस्त को वह चौरी बाजार पहुंचे, जहां आरोपित उन्हें बाइक पर बैठाकर इसरवार गांव ले गए। वहां एक सुनसान कमरे में उन्हें बंद कर दिया गया। कुछ देर बाद कई अन्य लोग भी वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी ने प्रेम के साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और उनसे 20 हजार रुपये की मांग की।
डरे-सहमे प्रेम ने अपने परिजनों से रुपये मंगवाए। आरोपितों ने उनका मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया और चार बार में कुल 20 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए। इसके बाद मोबाइल को फॉर्मेट कर दिया गया, ताकि घटना से जुड़े साक्ष्य मिटाए जा सकें।
रुपये ट्रांसफर कराने के बाद आरोपित प्रेम को कालिका धाम मंदिर के पास छोड़कर फरार हो गए। लोक-लाज के डर से पीड़ित ने शुरुआत में घटना की जानकारी किसी को नहीं दी। बाद में उसने 15 अगस्त को कपसेठी थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।
कपसेठी थानाध्यक्ष विकास मौर्य ने बताया कि मामले में नितिन नामक युवक और अन्य अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस घटना की जांच के साथ आरोपितों की तलाश कर रही है।
