Movie prime

BHU में पीजी डिप्लोमा की प्रवेश प्रक्रिया में देरी, छात्रों ने कुलसचिव को सौंपा ज्ञापन
 

 
 BHU में पीजी डिप्लोमा की प्रवेश प्रक्रिया में देरी, छात्रों ने कुलसचिव को सौंपा ज्ञापन
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया में हो रही देरी को लेकर छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखीं। छात्रों ने कुलसचिव को ज्ञापन सौंपकर सत्र 2025-26 की लंबित प्रवेश एवं काउंसलिंग प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग की।

छात्रों का कहना है कि सत्र 2025-26 के कई पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश और काउंसलिंग प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो सकी है। इससे बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के सामने असमंजस की स्थिति बनी हुई है और उनके भविष्य पर असर पड़ रहा है।

ज्ञापन में छात्रों ने मांग की कि सत्र 2025-26 की लंबित प्रवेश और काउंसलिंग प्रक्रिया तत्काल पूरी कर आधिकारिक सूचना जारी की जाए। इसके साथ ही आगामी सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया भी समयबद्ध तरीके से शुरू करने की मांग की गई।

छात्रों ने नियमित पाठ्यक्रमों की तर्ज पर पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में बीएचयू से परास्नातक (PG) उत्तीर्ण विद्यार्थियों को वरीयता देने और उनके लिए सीटें आरक्षित करने की मांग भी रखी।

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। छात्रों के अनुसार, प्रशासन ने छात्रहित को ध्यान में रखते हुए मामले का जल्द और सकारात्मक निस्तारण करने का आश्वासन दिया है।

छात्र प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि निर्धारित समयसीमा में प्रवेश प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू नहीं की गई, तो वे आगे की कार्रवाई करने के लिए बाध्य होंगे।

ज्ञापन सौंपने वालों में आशुतोष कुमार शुक्ला, अमन मौर्या, विभांशु, अविनाश, चंदू, अभिषेक और आकाश सिंह शामिल रहे।