आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में सम्मानजनक बढ़ोतरी की मांग, CMO को सौंपा ज्ञापन
वाराणसी। ऑल इंडिया आशा बहू कार्यकत्री कल्याण सेवा समिति की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संगीता गिरी के नेतृत्व में आशा एवं आशा संगिनियों के मानदेय में तत्काल सम्मानजनक वृद्धि की मांग को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), वाराणसी को ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के नाम प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में संगठन ने कहा कि प्रदेश की आशा एवं आशा संगिनियां लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण तथा सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू कराने में आशा कार्यकर्ताओं का अहम योगदान है।
संगठन के अनुसार, मुख्यमंत्री ने फरवरी माह में आशा एवं आशा संगिनियों के मानदेय में वृद्धि की घोषणा की थी। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, चौकीदारों और शिक्षामित्रों समेत अन्य मानदेय कर्मियों के मानदेय में वृद्धि की बात कही गई है। इसके बावजूद आशा कार्यकर्ता अब भी फरवरी में की गई घोषणा के क्रियान्वयन का इंतजार कर रही हैं।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संगीता गिरी ने मांग की कि मुख्यमंत्री की ओर से फरवरी में की गई घोषणा को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए और आशा एवं आशा संगिनियों के मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि की जाए। उन्होंने कहा कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार योगदान दे रहीं महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को उनके परिश्रम का उचित सम्मान मिल सकेगा।
