Movie prime

काशी विश्वनाथ मंदिर अन्नक्षेत्र में LPG संकट की खबरों का खंडन, कर्मचारी के बयान को बताया असत्य
 

 
 काशी विश्वनाथ मंदिर अन्नक्षेत्र में LPG संकट की खबरों का खंडन, कर्मचारी के बयान को बताया असत्य
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी I श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने अन्नक्षेत्र में एलपीजी की कमी को लेकर मीडिया में आई खबरों पर स्पष्टीकरण जारी किया है। मंदिर प्रशासन ने कहा कि अन्नक्षेत्र में कार्यरत कर्मचारी रवि द्वारा मीडिया को दिया गया बयान भ्रामक और असत्य है तथा उन्हें इस प्रकार का बयान देने का कोई अधिकार नहीं था।

मंदिर प्रशासन के अनुसार रवि संगठन में केवल एक सामान्य कार्यकर्ता हैं। उनका अन्नक्षेत्र की ओर से कोई वेतन संबंध, आधिकारिक दायित्व या अधिकृत प्रतिनिधित्व नहीं है। ऐसे में उनके द्वारा दिया गया बयान मंदिर प्रशासन की आधिकारिक स्थिति को नहीं दर्शाता।

दरअसल, मीडिया से बातचीत के दौरान रवि ने दावा किया था कि एलपीजी की कमी के कारण अन्नक्षेत्र में समस्या उत्पन्न हो रही है और भक्तों के लिए भोजन की मात्रा कम की जा रही है। इस पर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह दावा पूरी तरह निराधार है और उन्हें वास्तविक स्थिति की सही जानकारी नहीं थी।

प्रशासन ने संभावना जताई कि रवि ने कैमरे के सामने बोलने के उत्साह या असावधानी में यह बयान दे दिया होगा। अन्नक्षेत्र की रसोई व्यवस्था और संचालन के विषय में ट्रस्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पहले ही आधिकारिक स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं।

मंदिर न्यास ने सभी मीडिया संस्थानों और आम लोगों से अपील की है कि किसी अनधिकृत व्यक्ति के बयान के आधार पर अनावश्यक सनसनी या भ्रम की स्थिति पैदा न करें। प्रशासन ने यह भी साफ किया कि अन्नक्षेत्र की रसोई व्यवस्था पूरी तरह सुचारू है और भक्तों को भोजन सेवा लगातार उपलब्ध कराई जा रही है।

न्यास के अनुसार अन्नक्षेत्र में कार्यरत सभी कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा के साथ निभा रहे हैं और भक्तों की सेवा में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।

मंदिर प्रशासन ने भक्तों को आश्वस्त किया है कि अन्नक्षेत्र में भोजन सेवा पहले की तरह निरंतर जारी रहेगी और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं।