Movie prime

डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने किए काशी विश्वनाथ के दर्शन, बनकटी हनुमान मंदिर में भी नवाया शीश, बोले- हनुमान जी की गदा...

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार सुबह श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। करीब आधे घंटे तक मंदिर परिसर में रहने के बाद उन्होंने दुर्गाकुंड स्थित बनकटी हनुमान मंदिर में भी पूजा-अर्चना की।

मंदिर दर्शन के दौरान डिप्टी सीएम ने अधिकारियों से श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस मौके पर वाराणसी कैंट के विधायक सौरभ श्रीवास्तव भी उनके साथ मौजूद रहे। इससे पहले बुधवार रात वह वाराणसी पहुंचे थे, जहां एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

राम मंदिर चढ़ावा मामले पर बोले- जांच पर भरोसा रखें

अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में केशव मौर्य ने कहा कि इस पूरे प्रकरण की जांच एसआईटी और पुलिस कर रही है। उन्होंने कहा कि सच्चाई जल्द सामने आएगी और लोगों को कानून पर भरोसा रखना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि "हनुमान जी महाराज की गदा पर भी भरोसा रखें।"

काशी के विकास को बताया ऐतिहासिक

डिप्टी सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा काशी और पूर्वांचल के लिए घोषित लगभग 25 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का स्वागत करते हुए कहा कि यह क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में काशी की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। आज यहां आधुनिक विकास, बेहतर सुविधाएं और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलता है।

अखिलेश यादव पर साधा निशाना

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के एक वायरल पोस्टर से जुड़े सवाल पर केशव मौर्य ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ऐसे राजनीतिक परिवार से आते हैं, जिसके शासनकाल में अयोध्या में निहत्थे रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं।

उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के नेताओं ने हमेशा भगवान राम, भगवान शिव और भगवान कृष्ण के प्रति सम्मान का भाव नहीं दिखाया। उनके अनुसार, ऐसे बयान और पोस्ट रामभक्तों, संत समाज और राष्ट्रभक्तों की भावनाओं को आहत करते हैं।