Dev Deepawali 2026 : देव दीपावली पर 2,100 स्वदेशी ड्रोन से जगमगाएगा काशी का आसामान, दिखेगा शिव तांडव और गंगा अवतरण का अद्भुत नजारा
वाराणसी की विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली इस बार और भी भव्य होने जा रही है। गंगा के घाटों पर लाखों दीपों की रोशनी के बीच आसमान में भी आस्था और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। 24 नवंबर को होने वाले इस आयोजन में पहली बार 2,100 स्वदेशी ड्रोन के जरिए काशी के आकाश में भगवान शिव, शिव तांडव, मां गंगा के अवतरण और काशी विश्वनाथ मंदिर की भव्य आकृतियां बनाई जाएंगी।
करीब 15 मिनट तक चलने वाला यह ड्रोन शो संगीत और विशेष ध्वनि संयोजन के साथ प्रस्तुत किया जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस आयोजन का उद्देश्य देव दीपावली को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और आकर्षक बनाना है।
*राजघाट से नमो घाट तक दिखेगा आसमानी नजारा*
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में इस वर्ष देव दीपावली का आयोजन बेहद भव्य तरीके से किया जाएगा। राजघाट से नमो घाट तक गंगा के विस्तृत क्षेत्र में दीपों की जगमगाहट के साथ 2,100 स्वदेशी ड्रोन आसमान में धार्मिक और पौराणिक दृश्य उकेरेंगे।
इस शो में थ्री-डी एनिमेशन तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। कुल 15 अलग-अलग ड्रोन फॉर्मेशन तैयार किए जाएंगे। इन्हें शास्त्रीय संगीत और हिंदी वॉयस ओवर के साथ इस तरह प्रस्तुत किया जाएगा कि हर दृश्य काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की कहानी बयां करेगा।
आसमान में नजर आएंगे शिव तांडव और बाबा विश्वनाथ
इस बार ड्रोन शो की मुख्य थीम देव दीपावली के पौराणिक और आध्यात्मिक महत्व पर आधारित होगी। आसमान में भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों के साथ महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के धरती पर अवतरण के दृश्य दिखाए जाएंगे।
इसके अलावा काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और काशी के नगर कोतवाल बाबा कालभैरव की दिव्य आकृतियां भी आसमान में नजर आएंगी। इन खास प्रस्तुतियों के जरिए काशी की सनातन परंपरा और धार्मिक पहचान को आधुनिक तकनीक के माध्यम से दुनिया के सामने पेश किया जाएगा।
*आस्था और परंपरा का महापर्व है देव दीपावली*
देव दीपावली को देवताओं की दीपावली भी कहा जाता है। हर साल कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर वाराणसी में यह पर्व बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। दीपावली के 15 दिन बाद आने वाले इस पर्व का धार्मिक और पौराणिक महत्व है।
मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन देवता स्वर्ग से धरती पर उतरकर मां गंगा में स्नान करते हैं और दीपदान करते हैं। इसी मान्यता के चलते गंगा के घाटों पर लाखों दीप जलाए जाते हैं और भव्य गंगा आरती होती है।
पिछले कुछ वर्षों में देव दीपावली ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। इसे देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु काशी पहुंचते हैं। इस बार 2,100 ड्रोन का शो इस उत्सव में एक नया आकर्षण जोड़ने जा रहा है। गंगा के घाटों पर दीपों की रोशनी और आसमान में शिवमय आकृतियों का नजारा काशी की देव दीपावली को और यादगार बना सकता है।
