वाराणसी में 24 मई से शुरू होगी जिला कैरम समर लीग, 4 जून तक होंगे मुकाबले
वाराणसी: वाराणसी कैरम एसोसिएशन द्वारा आयोजित जिला कैरम समर लीग का आयोजन इस वर्ष 24 मई से किया जाएगा। यह प्रतियोगिता 4 जून तक चलेगी और इंग्लिशियालाइन स्थित श्रीमती चंद्र त्रिपाठी स्मृति क्रीड़ा कक्ष में आयोजित होगी।
इस लीग में सीनियर पुरुष और महिला वर्ग के खिलाड़ी एकल, युगल और मिश्रित युगल मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के सभी मैच प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 9 बजे के बीच खेले जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन का पर्याप्त समय मिल सके।
एसोसिएशन के अनुसार, यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इसके प्रदर्शन के आधार पर नई रैंकिंग तैयार की जाएगी। यह रैंकिंग भविष्य की प्रतियोगिताओं में चयन और बेहतर अवसर दिलाने में अहम भूमिका निभाएगी।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 20 मई निर्धारित की गई है। एसोसिएशन ने सभी खिलाड़ियों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।
प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए एसोसिएशन ने इंग्लिशियालाइन स्थित अपने कार्यालय में एक बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता महासचिव बैजनाथ सिंह ने की। इस दौरान रमेश वर्मा, अश्विनी चक्रवाल, विनोद यादव, शिवदयाल यादव, कृष्णा दयाल यादव, रवी आर्या, श्रीप्रसाद सोनी, हरियाली सिंह, अंजली गुप्ता और हर्षित केसरी सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
