वाराणसी में लगा जनपद स्तरीय पुस्तक मेला, सस्ते दाम में मिल रही NCERT की किताबें
वाराणसी। विद्यार्थियों को कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासन के निर्देश पर बुधवार को लहुराबीर स्थित क्वींस इंटर कॉलेज परिसर में जनपद स्तरीय पुस्तक मेले का आयोजन किया गया। मेले में कक्षा 9वीं से 12वीं तक की एनसीईआरटी (NCERT) की पाठ्यपुस्तकें सरकारी सब्सिडी के साथ रियायती दरों पर उपलब्ध कराई गईं। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने पहुंचकर अपनी जरूरत की किताबें खरीदीं।
मेले के संबंध में हिमांशु तिवारी ने बताया कि सरकार का उद्देश्य हर छात्र तक एनसीईआरटी की मूल पुस्तकें कम से कम कीमत पर पहुंचाना है। इसी सोच के साथ इस पुस्तक मेले का आयोजन किया गया, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री आसानी से मिल सके।
उन्होंने बताया कि मेले में कक्षा 9, 10, 11 और 12 की सभी आवश्यक एनसीईआरटी पुस्तकें उपलब्ध थीं। सरकारी सब्सिडी के चलते इनकी कीमत बाजार में मिलने वाली अन्य प्रकाशकों की पुस्तकों की तुलना में काफी कम रही। कई निजी प्रकाशकों की किताबें इन पुस्तकों के मुकाबले लगभग तीन गुना तक महंगी होती हैं, जिससे विद्यार्थियों और अभिभावकों को अच्छी-खासी बचत हुई।
अप्रैल के बाद दूसरी बार लगा पुस्तक मेला
हिमांशु तिवारी ने बताया कि मौजूदा शैक्षिक सत्र में यह दूसरा जनपद स्तरीय पुस्तक मेला है। इससे पहले अप्रैल माह में भी इसी स्थान पर पुस्तक मेले का आयोजन किया गया था। इस बार भी सरकारी विद्यालयों के साथ-साथ वित्तविहीन एवं यूपी बोर्ड से संबद्ध निजी विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने भी इसका लाभ उठाया।
बड़ी संख्या में पहुंचे विद्यार्थी
जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों ने मेले में उत्साहपूर्वक किताबों की खरीदारी की। प्रकाशकों और वितरकों के सहयोग से आयोजित इस मेले में अग्रवाल डिस्ट्रीब्यूटर्स ने पुस्तकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की, जिससे किसी भी छात्र को किताबों के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
मेले में नहीं पहुंच सके छात्र भी ले सकेंगे किताबें
हिमांशु तिवारी ने बताया कि एक दिवसीय आयोजन होने के बावजूद प्रशासन, प्रकाशकों और वितरकों के बेहतर समन्वय से मेले का सफल संचालन किया गया। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी किसी कारणवश मेले में शामिल नहीं हो सके, वे आगे अधिकृत वितरकों या पुस्तक विक्रेताओं के माध्यम से सरकारी एनसीईआरटी की पुस्तकें प्राप्त कर सकते हैं।
