Movie prime

जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में सुनीं फरियादियों की समस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

 
 जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में सुनीं फरियादियों की समस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का निस्तारण सभी अधिकारियों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी जनता दर्शन अवधि में अनिवार्य रूप से अपने कार्यालयों में उपस्थित रहें और फरियादियों की समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुनकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी समस्या के समाधान की आशा लेकर सरकारी कार्यालयों तक पहुंचता है, ऐसे में अधिकारियों का दायित्व है कि वे संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए जनता का विश्वास अर्जित करें।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और वास्तविकता का विशेष ध्यान रखा जाए। जिन मामलों में जांच आवश्यक हो, उनकी प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने एक-एक फरियादी से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी पूरी निष्ठा और मनोयोग से कार्य करें तथा जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।

उन्होंने अंत में कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित न्याय और राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।