Movie prime

BHU में निर्माणाधीन छात्रावास और ट्रॉमा सेंटर का DM ने किया औचक निरीक्षण, काम में तेजी लाने के निर्देश
 

 
.....
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में निर्माणाधीन परियोजनाओं की धीमी गति को लेकर जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने रविवार को औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर में बन रहे 192 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल (CCH), 1200 सीटों वाले बालिका छात्रावास और 628 सीटों वाले अय्यर छात्रावास के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था CPWD के अभियंताओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि काम में तेजी लाने के लिए अलग-अलग शिफ्ट में श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए। साथ ही निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

...

57.66 करोड़ रुपये से बढ़ेगी अय्यर छात्रावास की क्षमता

बीएचयू में छात्रावास की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 57.66 करोड़ रुपये की लागत से अय्यर छात्रावास का निर्माण और नवीनीकरण कराया जा रहा है। परियोजना के तहत 284 दो-सीटर कमरों का निर्माण किया जाना है, जबकि मौजूदा छात्रावास के 62 कमरों का नवीनीकरण होगा। काम पूरा होने के बाद छात्रावास की क्षमता 272 से बढ़कर 628 विद्यार्थियों की हो जाएगी। इससे छात्रों को परिसर में रहने के लिए बेहतर आवासीय सुविधा मिल सकेगी।

निरीक्षण के दौरान अभियंताओं ने बताया कि पेड़ों के प्रत्यारोपण, सोलर पैनलों को दूसरी जगह स्थानांतरित करने और वार्डन के आवास को शिफ्ट करने के कारण शुरुआती चरण में काम प्रभावित हुआ। इसके अलावा, ठेकेदार के खराब प्रदर्शन के चलते CPWD ने पहले का अनुबंध निरस्त कर दिया था। शेष कार्य के लिए 29 सितंबर 2026 को टेंडर प्राप्त हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, 17 अक्टूबर तक निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराने का लक्ष्य रखा गया है।

परियोजना की मौजूदा भौतिक प्रगति करीब 76 प्रतिशत बताई गई है। तय कार्यक्रम के अनुसार, एक हॉस्टल ब्लॉक और एक डाइनिंग ब्लॉक को 31 दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बाद दो अन्य ब्लॉक 31 मार्च 2027 तक और शेष दो ब्लॉक 30 जून 2027 तक पूरे किए जाने हैं। वहीं, मौजूदा ब्लॉक के 62 कमरों का नवीनीकरण हैंडओवर के दो महीने के भीतर पूरा किया जाना है।

क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का काम जल्द पूरा करने के निर्देश

बीएचयू ट्रॉमा सेंटर परिसर में 192 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का निर्माण भी निरीक्षण के प्रमुख बिंदुओं में रहा। अधिकारियों ने साइट से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के कारण परियोजना में देरी होने की जानकारी दी। इस अस्पताल को पूरा करने के लिए 31 जनवरी 2027 की समयसीमा निर्धारित की गई है। CPWD के अभियंताओं ने बताया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सेवाओं की टेस्टिंग और कमीशनिंग में लगभग तीन सप्ताह का अतिरिक्त समय लगेगा।

जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने के लिए शिफ्टवार मैनपावर बढ़ाने और कार्यों की नियमित निगरानी करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर पूरा कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को छात्रावास की बेहतर सुविधा और मरीजों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता और सुरक्षा से समझौता नहीं करने की हिदायत दी