Movie prime

DM ने औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं के जल्द समाधान के दिए निर्देश, बोले- उद्यमियों को मिले योजनाओं का प्राथमिकता से लाभ

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु एवं जनपदीय एमओयू क्रियान्वयन इकाई की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वाराणसी में निवेश और औद्योगिक विकास की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उद्यमियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में बताया गया कि जनपद में अब तक 198 एमओयू के माध्यम से 21,456.42 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से 98 परियोजनाएं पूरी तरह संचालित हो चुकी हैं, जिनमें 5,272.54 करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है। वहीं 25 परियोजनाओं पर तेजी से कार्य जारी है। उद्यमियों ने वाराणसी में बेहतर होते निवेश माहौल और प्रशासन के सहयोग की सराहना भी की।

निवेश मित्र पोर्टल की हुई समीक्षा

बैठक के दौरान 'निवेश मित्र पोर्टल' की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में पोर्टल पर प्राप्त 546 आवेदनों में से 356 को स्वीकृति दी जा चुकी है। केवल एक मामला समय सीमा के बाद यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक स्तर पर लंबित है। इस पर जिलाधिकारी ने लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के निर्देश

डीएम ने वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) सहित संबंधित विभागों को निवेशकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा औद्योगिक आस्थान चांदपुर में सूखे पेड़ों को हटाने, डाकघर को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने तथा अनधिकृत रूप से खड़े ट्रांसपोर्ट वाहनों और ट्रकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त (मुख्यालय), सहायक महानिरीक्षक, निबंधक, उपायुक्त उद्योग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।