Movie prime

वाराणसी: पिंडरा तहसील में DM का औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के निस्तारण में लापरवाही हुई तो जिम्मेदारों पर गिरेगी गाज

वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने पिंडरा तहसील और ब्लॉक का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने लंबे समय से लंबित राजस्व मामलों के प्राथमिकता से निस्तारण के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि पेंडेंसी न घटने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

 
पिंडरा तहसील
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने पिंडरा तहसील और ब्लॉक का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबे समय से लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

तहसील निरीक्षण में व्यवस्थाओं पर फोकस

तहसील निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व अभिलेखागार का निरीक्षण करते हुए फाइलों के बेहतर रख-रखाव, तहसील परिसर की उचित साफ-सफाई, अधिक समय से लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, तहसील के छोटे-मोटे कार्यों का एस्टीमेट बनाकर भेजने तथा जर्जर आवासीय भवनों को ध्वस्त कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने तहसील परिसर में पड़े कूड़े-कबाड़ को हटाने, झाड़ियों की कटाई करवाकर साफ-सफाई सुनिश्चित करने, गलियारे के धंसे प्लास्टर को ठीक कराने, कार्यालय एवं आवासीय भवनों की छत पर स्थित पानी की टंकी से हो रहे रिसाव को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर की नालियों की मरम्मत और खराब पड़े हैंडपंप को रीबोर कराने का निर्देश एसडीएम को दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील से जुड़े छोटे-मोटे विकास कार्यों का एस्टीमेट बनाकर तत्काल भेजा जाए और सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित किया जाए।

राजस्व अभिलेखागार और CCTV की जांच

राजस्व अभिलेखागार के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने मुआयना रजिस्टर, कृषि एवं आवास रजिस्टर, पेशानी फाइल और नकल से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों को मौके पर स्टाफ से संचालित कराकर उनकी कार्यशील स्थिति भी परखी।

उन्होंने निर्देश दिया कि सीलन से दस्तावेजों को किसी भी प्रकार का नुकसान न पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही रद्दी, डिब्बे और अन्य बेकार सामग्री को तत्काल हटवाकर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।

तहसीलदार न्यायालय में लंबित मामलों पर सख्त रुख

तहसीलदार न्यायालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रजिस्ट्रार कार्यालय से प्राप्त मामलों, एक से तीन वर्ष और उससे अधिक समय से लंबित धारा-34 और धारा-67 के प्रकरणों की विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सबसे अधिक समय से लंबित मामलों की प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई कर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि पुराने मामलों की पेंडेंसी का निस्तारण नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ब्लॉक कार्यालय का भी किया निरीक्षण

इसके बाद जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी कार्यालय, पिंडरा का निरीक्षण किया। उन्होंने अमृत सरोवर में जल संचयन के लिए पर्याप्त पानी की उपलब्धता, कार्यालय परिसर की सड़क को दुरुस्त कराने तथा जर्जर आवासीय भवनों को ध्वस्त कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। तहसील निरीक्षण के दौरान एसडीएम प्रतिभा मिश्रा, तहसीलदार और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे, जबकि ब्लॉक निरीक्षण के समय बीडीओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।