जनता दर्शन में एक्शन मोड में दिखे DM, अफसरों को चेताया- गलत रिपोर्ट पर होगी कार्रवाई, समय करें समस्याओं का निपटारा
वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान जनपद के विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं स्वयं सुनीं। उन्होंने लोगों से सीधे प्रार्थना पत्र लेकर उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल फोन पर आवश्यक निर्देश दिए।
डीएम ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक पीड़ित की समस्या का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार कलेक्ट्रेट या तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का समाधान पूरी तरह संतोषजनक होना चाहिए और यदि किसी अधिकारी द्वारा गलत या भ्रामक रिपोर्ट लगाई जाती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर फरियादियों की समस्याएं सुनें। गंभीर मामलों में मौके पर पहुंचकर समाधान कराने के भी निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को आईजीआरएस पोर्टल की नियमित निगरानी करने और लंबित शिकायतों का स्वयं संज्ञान लेकर संबंधित शिकायतकर्ता से बात करते हुए शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। जनता दर्शन के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, नगर निगम सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
