Movie prime

निर्माण कार्यों में लापरवाही पर डीएम सख्त, अफसरों को चेताया, कई इंजीनियरों पर कार्रवाई के निर्देश

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। जिले में चल रही विकास और निर्माण परियोजनाओं में लापरवाही को लेकर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों और कार्यदायी संस्थाओं की परियोजनाओं की प्रगति की बारीकी से जानकारी ली। इस दौरान कई परियोजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड, भदोही के परियोजना प्रबंधक के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने के साथ विभागीय कार्रवाई और निलंबन के लिए शासन को पत्र भेजने का निर्देश दिया। वहीं उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि देने और मुख्य अभियंता से स्पष्टीकरण मांगते हुए विभागीय कार्रवाई के लिए पत्र भेजने को कहा गया। इसी तरह सीएम ग्रिड योजना के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता के खिलाफ विभागीय कार्रवाई तथा मुख्य अभियंता से जवाब-तलब करने के निर्देश दिए गए।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के दो सहायक अभियंताओं का वेतन रोकने, जबकि लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता और अवर अभियंता से स्पष्टीकरण मांगने के साथ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई। इसके अलावा नलकूप खंड-प्रथम के अधिशासी अभियंता का वेतन रोकने का भी निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं में भूमि, बजट, बिजली, विभागीय समन्वय या किसी अन्य कारण से काम प्रभावित हो रहा है, उसका तत्काल समाधान कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ लंबित कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाएं और निर्माणाधीन परियोजनाओं को युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर तय समय सीमा के भीतर पूरा करें।

उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को प्रत्येक परियोजना की भौतिक और वित्तीय प्रगति की नियमित निगरानी करने तथा प्रगति रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जो परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, उन्हें जल्द संबंधित विभाग को हस्तांतरित कर आम जनता के उपयोग में लाया जाए।

डीएम सत्येंद्र कुमार ने दो टूक कहा कि विकास परियोजनाएं सीधे जनता के हित से जुड़ी हैं, इसलिए इनमें किसी भी स्तर की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि जनता को निर्धारित समय पर परियोजनाओं का लाभ मिले और सरकारी धन का सही तरीके से इस्तेमाल सुनिश्चित हो।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।