Movie prime

आयुष्मान कार्ड बनाने में लापरवाही पर DM सख्त, स्वास्थ्य कर्मियों और अधिकारियों का वेतन रोका

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने आयुष्मान भारत योजना और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के विभिन्न कार्यक्रमों में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर कड़ा रुख अपनाया। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई।

आयुष्मान कार्ड की कम उपलब्धि पर वेतन रोका

बैठक में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत बनाए जा रहे आयुष्मान कार्डों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने आयुष्मान सेल के कर्मचारियों के साथ-साथ शहरी क्षेत्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि कोटेदारों और प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर समन्वय स्थापित किया जाए। साथ ही राशन वितरण केंद्रों पर विशेष अभियान चलाकर आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने पर जोर दिया।

जननी सुरक्षा योजना में भुगतान न होने पर कार्रवाई

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा के दौरान जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को भुगतान लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने सभी अकाउंट मैनेजरों का वेतन रोकने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

एनआरसी में बच्चों की भर्ती बढ़ाने के निर्देश

जिलाधिकारी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में संचालित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि केंद्र की क्षमता के अनुरूप शत-प्रतिशत बच्चों को भर्ती किया जाए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों से अधिक से अधिक बच्चों को संदर्भित करने और इस कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए।

टीकाकरण में कमी पर नोटिस

पूर्ण टीकाकरण की उपलब्धि मानक के अनुरूप न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने सेवापुरी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही टीबी नोटिफिकेशन रेट और गर्भवती महिलाओं की चार प्रसव पूर्व जांच (फोर एएनसी) में वृद्धि सुनिश्चित करने को कहा।

 स्वास्थ्य रैंकिंग बनाए रखने पर जोर

उत्तर प्रदेश हेल्थ डैशबोर्ड में वाराणसी के दूसरे स्थान पर होने का उल्लेख करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्वास्थ्य संकेतकों में लगातार सुधार बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद की रैंकिंग किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए और सभी कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस अवसर पर जनपद स्तरीय चिकित्सालयों के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, अपर एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी तथा अन्य विभागीय अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।