वाराणसी में LPG संकट की खबरों पर DM सख्त: गोदाम पहुंचकर किया निरीक्षण, कालाबाजारी पर दी चेतावनी
वाराणसी। जिले में एलपीजी गैस की कमी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को टकटकपुर स्थित इंडियन ऑयल और भारत पेट्रोलियम के एलपीजी गैस सिलेंडर गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ कहा कि जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

जिलाधिकारी ने गोदाम संचालकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गैस सिलेंडरों का वितरण पूरी पारदर्शिता और नियमों के अनुसार किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को आसानी से गैस उपलब्ध हो सके। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या स्टॉक होल्डिंग की शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी तरह की कमी की स्थिति नहीं है। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिया कि गैस गोदामों और वितरण व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाए, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर मिल सके।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि आम लोगों तक गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुचारु रूप से होती रहे और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
