Movie prime

CM डैशबोर्ड पर खराब रैंकिंग से नाराज हुए डीएम, बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले में चल रही विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, विभागों की रैंकिंग और योजनाओं के लक्ष्य की स्थिति की समीक्षा की गई।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विभाग अपनी योजनाओं में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य समय से पूरा करें। उन्होंने साफ कहा कि काम में लापरवाही के कारण सीएम डैशबोर्ड पर खराब रैंकिंग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक के दौरान खराब प्रदर्शन वाले इंडिकेटरों और विभागों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागाध्यक्षों को योजनाओं की गुणवत्ता और प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए। दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के मामलों में जिला समाज कल्याण अधिकारी को कॉलेज और स्कूलों के प्रधानाचार्यों से समन्वय कर लंबित मामलों का जल्द निस्तारण कराने को कहा गया। वहीं, कम प्रगति वाले विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर स्थिति सुधारने के निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक को दिए गए।

डीएम ने चेतावनी दी कि जिन विद्यालयों की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलेगी, वहां प्रधानाचार्यों का वेतन बाधित किया जा सकता है। IGRS और जनसुनवाई पोर्टल की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी जिम्मेदार अधिकारियों को शिकायतों की नियमित और प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता के मामले का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना हर अधिकारी की जिम्मेदारी है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग को नई सड़कों के निर्माण, चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और सड़कों के अनुरक्षण में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप तेजी लाने को कहा गया।

बैठक में जननी सुरक्षा योजना, जल जीवन मिशन (ग्रामीण), फैमिली आईडी, पोषण अभियान, पर ड्रॉप मोर क्रॉप, ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी, सीएमआईएस, पर्यटन विभाग और स्वच्छ भारत मिशन समेत कई योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हुई।

निर्माण कार्यों में भौतिक और वित्तीय प्रगति के साथ गुणवत्ता की भी जानकारी ली गई। महिला एवं बाल विकास विभाग समेत अन्य विभागों की योजनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जरूरी सुधार के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों से कहा कि लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंचे और किसी भी योजना में अनावश्यक रूप से मामले लंबित न रहें। उन्होंने अधिकारियों को आम जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने और योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सीडीओ प्रखर कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।